नवगछिया : नवगछिया के श्रीपुर गांव में रविवार को देर रात घूर की चिंगारी से लगी आग में चार बच्चों की मौत हो गयी जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं. घायलों को परिजनों द्वारा आनन फानन में नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल लाया गया. जहां से दोनों घायलों को बेहतर उपचार के लिये जेएलएनएमसीएच रेफर किया गया. मृतक बच्चों में छतीस सिंह के चार बच्चे 10 वर्षीय कृष्ण कुमार, आठ वर्षीय क्रांति कुमारी , छः वर्षीय शैलजा कुमारी , चार वर्षीय पुत्री पुष्पा कुमारी है. वहीं छतीस सिंह का भाई पारस सिंह और उसकी मां करूणा देवी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.
Total Downloads: 113
– आठ घर जल कर हो गए राख
– गांव में लगाये गए घूर से लगी आग
– देर रात घटना स्थल पर कैम्प कर रहे हैं पुलिस व प्रसाशनिक पदाधिकारी, पहुंची एसपी
दोनों की हालत गंभीर है. देर रात दोनों का जेएलएनएमसीएच मायागंज भागलपुर में इलाज चल रहा है. आग लगी में कुल आठ घर जल कर राख हो गए हैं. इधर नवगछिया की एसपी निधि रानी ने देर रात घटनास्थल पर पहुंच पर पीड़ित परिवार की स्थिति का जायजा लिया है. नवगछिया की एसपी निधि रानी ने आगलगी की घटना में एक ही परिवार के चार बच्चों की मृत्यु हो जाने की पुष्टि की है. वे घायलों के हालात से भी अवगत हुई हैं. उधर देर रात घटना स्थल पर नवगछिया के सीओ विद्यानंद कैम्प कर रहे थे. जानकारी के अनुसार देर रात 12 बजे छतीश सिंह के घर के पास ही लगाए गए घूर से भड़की चिंगारी से आग लगी और देखते ही देखते आठ घर पूरी तरह से जल कर राख हो गए.

घटना के वक्त लगभग पूरे गांव के लोग गहरी नींद में सो रहे थे. जब तक घर वाले जगे तब तक आग की लपटें प्रचंड हो गयी थी. घर के बड़े सदस्य तो भाग कर बाहर निकल आये लेकिन बच्चे भाग नहीं पाये, बच्चों को बचाने के क्रम में ही पारस सिंह और करूणा देवी भी बुरी तरह झुलस गए थे. आग लगने के बाद ग्रामीण स्तर से आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया लेकिन आग की लपटें प्रचंड ही होती गयी. ग्रामीणों की सूचना के आधे घंटे बाद नवगछिया से गये फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू किया. आग पर काबू पाने के बाद ही लोगों को पता चला कि आगलगी में चार बच्चों की झुलस कर मौत हो गयी.

नवगछिया एसपी ने कहा
गांव में लगाये गए घूर की चिंगारी से आग लगी है. चार बच्चों की मौत हो गयी है और दो घायल है. आग पर काबू पा लिया गया है. घटना स्थल पर पुलिस व प्रशासनिक पदाधिकारी कैम्प कर रहे हैं. स्थिति नियंत्रण में है.

