नवगछिया: दर्द की सुई लेने के बाद युवक की मौत, अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
रंगरा प्रखंड के सधुआ गांव की घटना, पैर में फोड़ा होने पर दर्द से परेशान था युवक
Total Downloads: 383
नवगछिया। रंगरा प्रखंड के सधुआ गांव में ग्रामीण चिकित्सक से दर्द की सुई लेने के बाद एक युवक की हालत बिगड़ गई। परिजन उसे इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान सधुआ निवासी मो. कासीम के पुत्र मो. अमजद के रूप में हुई है।
मृतक के पिता मो. कासीम के अनुसार, अमजद के पैर में फोड़ा हो गया था, जिसके कारण उसे काफी दर्द हो रहा था। दर्द से राहत पाने के लिए वह गांव के ही एक ग्रामीण चिकित्सक के पास सुई लगवाने गया था।

परिजनों का आरोप है कि सुई लगाने के तुरंत बाद अमजद की तबीयत बिगड़ने लगी। उसकी हालत गंभीर होने पर परिजन उसे इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया।
युवक की अचानक मौत से परिवार में कोहराम मच गया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
हालांकि, युवक की मौत किस वजह से हुई, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मौत के वास्तविक कारणों का पता चिकित्सकीय जांच और संबंधित रिपोर्ट से ही चल सकेगा।
