नवगछिया : रंगरा थाना क्षेत्र के चापर ढाला के समीप मां धर्म कांटा के सामने एनएच 31 सड़क मार्ग पर रविवार की देर रात्रि लगभग 1:30 बजे तीन चार अज्ञात अपराधियों ने ट्रक के खलासी से नगदी सहित मोबाइल टेबलेट एवं अन्य सामान को लूट लिया. चालक एवं खलासी द्वारा लूट का विरोध करने पर अपराधियों ने खलासी को गोली मार दी. गोली खलासी को बाएं हाथ में लगी है. घायल खलासी की पहचान उत्तर प्रदेश के गोंडा जिला अंतर्गत नवाबगंज निवासी पवन सिंह के 18 वर्षीय पुत्र सौरभ सौरभ सिंह के रूप में की गई है.
Total Downloads: 115
घटना के बाद चापर ढाला स्थित दुकानदारों एवं अन्य लोगों ने इसकी सूचना रंगरा पुलिस को दी. सूचना के बाद पहुंची रंगरा पुलिस ने घटना की तहकीकात किया. घायल अवस्था में इलाज के लिए उसे स्थानीय रंगरा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया. पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार घायल ट्रक का खलासी अपने ट्रक पर पूर्णिया से पटसन लादकर यूपी लौट रहे थे. इसी दौरान जीरोमाइल से लेकर कुरसेला ओवरब्रिज तक एनएच 31 सड़क मार्ग पर काफी जाम रहने के कारण वे चापर चौक के समीप मां धर्म कांटा के ठीक सामने ट्रक लगाकर जाम टूटने का इंतजार कर रहे थे. अपने ट्रक के आगे लगे अपने मामा के ट्रक का शीशा साफ कर रहे थे.

इसी दौरान तीन चार अज्ञात लूंगी धारी बदमाशों ने खलासी को नीचे खींच कर मारपीट करने लगे और उनके पास रखे नगदी सहित सैमसंग कंपनी का मोबाइल टेबलेट लूट लिया. ट्रक के चालक एवं खलासी द्वारा लूट का विरोध करने पर बदमाशों ने ट्रक के खलासी के ऊपर गोली चला दी. जो उसके बाएं हाथ में जा लगी. वारदात को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी अंधेरे का फायदा उठाकर एनएच के रास्ते पुनः पूरब दिशा की ओर चापर बैहयार की ओर भाग निकले. घटना के बाद ट्रक चालकों एवं स्थानीय लोगों के बीच अफरा तफरी मच गई. घटना के बाद ट्रक के चालक के बयान पर अज्ञात अपराधियों के विरुद्ध रंगरा थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है घटना में संलिप्त अपराधियों को पता लगाने एवं गिरफ्तार करने के लिए पुलिस द्वारा आसपास के गांवों में लगातार छापेमारी की जा रही है. मामले में सौरभ सिंह के बयान को आधार बना कर मामले की प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है.
नवगछिया मां धर्म कांटा चापर ढाला के समीप पिछले 4 माह पूर्व 8 अक्टूबर 2018 को अज्ञात अपराधियों ने ट्रक चालकों से लूट की घटना को दिया था अंजाम. विरोध करने पर ट्रक चालक की गोली मारकर कर दी थी हत्या. बताते चलें कि ठीक 4 माह पूर्व 8 अक्टूबर 2018 को चापर ढाला के समीप मां धर्म कांटा के ठीक सामने हीं एनएच 31 सड़क मार्ग पर भीषण जाम लगे रहने के कारण ट्रक चालक गाड़ी लगा कर अपने केबिन में सो रहे थे. इसी दौरान ठीक इसी स्टाइल में चार-पांच की संख्या में आय अपराधियों ने हत्या की घटना को अंजाम दिया था
कहते हैं थानाध्यक्ष
इस बाबत पूछे जाने पर रंगरा थानाध्यक्ष जवाहरलाल सिंह ने बताया कि दोनों घटनाओं में संलिप्त अपराधियों के बारे में पता लगाया जा रहा है. जल्द ही घटना में संलिप्त अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

