
Total Downloads: 61
नवगछिया : नवगछिया के पुनमा प्रताप नगर के कोसी तटीय सकुचा गांव के अस्तित्व पर कटाव का खतरा मंडराने लगा है. मालूम हो कि दो दिन पहले शुरु हुआ कटाव लगातार दायरा बढ़ता जा रहा है. जानकारी के अनुसार कोसी नदी ने पिछले 24 घंटे में करीब पांच सौ मीटर के दायरे में कहीं दो मीटर और कहीं तीन मीटर कटाव किया है. इधर ग्रामीणों की मांग पर जल संसाधन विभाग की ओर से तात्कालिक कटाव निरोधी कार्य शुरू कर दिया गया है. कटाव निरोधी कार्य में नायलोन कैरेट डाल कर कटाव को रोकने का प्रयास किया जा रहा है. मालूम हो कि कटाव निरोधी कार्य मंगलवार को रात में ही शुरू कर दिया गया था. ग्रामीणों का कहना है कि कटाव निरोधी कार्य कटाव रोकने में बिलकुल भी प्रभावी नहीं है. कार्य के बावजूद कटाव के रफ़्तार में तेजी आई है. मालूम हो कि सकुचा में करीब चार सौ परिवार बेघर होने के कगार पर आ गया है. बुधवार को ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे नवगछिया के एसडीओ राघवेन्द्र सिंह ने चल रहे कटाव जायजा लिए और अभियंताओं को संजीदगी से बचाव कार्य करने का निर्देश दिया है. इधर ग्रामीण कामरेड गौरीशंकर ने कहा विभाग को युद्धस्तर पर कटाव निरोधी कार्य किया जायेगा तभी लोग बेघर होने से बचेंगे. सकुचा गांव के ग्रामीण चल रहे कटाव के कारण भयभीत हैं.
कहते हैं पदाधिकारी

जल संसाधन विभाग के मुख्य अभियंता ने कहा कि मंगलवार को सकुचा में तात्कालिक कटाव निरोधी कार्य की शुरुआत कर दी गयी है. हर हालत कटाव को नियंत्रित कर लिया जायेगा. और स्थायी कटाव निरोधी कार्य के लिए विभाग और सरकार को प्रस्ताव भेजा जायेगा.
