मुंगेर लोकसभा क्षेत्र के लखीसराय जिले में पसंदीदा प्रत्याशी पक्ष में वोट डालने का दबाव बनाने के आरोप में जिला परिषद् अध्यक्ष रामशंकर शर्मा उर्फ नुनू बाबू को पुलिस ने हिरासत में लिया गया है। डीएम शोभेन्द्र कुमार और एसपी कार्तिकेय के शर्मा ने खुद कार्रवाई की है।
घटना पिपरिया प्रखंड के मोहनपुर गांव के एक बूथ सुबह 9 बजे के आसपास की है। जानकारी के मुताबिक रामशंकर शर्मा मोहनपुर के ही रहने वाले हैं। बूथ भी उन्हीं के घर के नजदीक है। मतदाताओं का आरोप है कि सुबह से ही वे बूथ पर पहुंचकर किसी एक प्रत्याशी के पक्ष में वोट डालने की अपील लोगों से करते रहे। जानकारी पर पहुंचे डीएम और एसपी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें हिरासत में ले लिया।

प्रो. अनिल भी लिए गए हिरासत में
लाली पहाड़ी पर चल रहे खुदाई कार्य का नेतृत्व कर रहे प्रो अनिल सिंह सहित एक अधिवक्ता रामविलास सिंह को पिपरिया प्रखंड के वलीपुर स्थित एक बूथ के पास से हिरासत में लिया गया। दोनों पर आरोप है कि ये किसी खास प्रत्याशी के पक्ष पर वोट के लिए दबाव बना रहे थे। यहां भी खुद डीएम और एसपी ने कार्रवाई की है। दोनों को हिरासत में लेकर पिपरिया थाना को सुपुर्द कर दिया गया है।

पोलिंग एजेंट को एसपी ने पीटा
पिपरिया प्रखंड के रामचंद्रपुर स्थित एक बूथ पर पार्टी का स्टीकर बैग पर चिपके होने की वजह से एसपी ने पोलिंग एजेंट को पीट डाला। उन्होंने पोलिंग एजेंट सहित मतदानकर्मियों को भी फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि जब निर्देश है, तो ऐसा क्यों किया जा रहा है। इधर एसपी की पिटाई से घबराई 110 वर्षीय वृद्धा बूथ पर ही बेहोश होकर गिर पड़ी। इसके बाद वृद्धा को वहां से ले जाया गया।
मुंगेर लोकसभा क्षेत्र से 19 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। वोटिंग के बाद सभी प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में बंद हो जाएंगी।
05:00 PM मुंगेर लोकसभा क्षेत्र में 52 प्रतिशत मतदान


