बिहार के जमुई जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां सोमवार को आसमानी बिजली गिरने से तीन बच्चों की मौत हो गई, जबकि दो लड़के गंभीर रूप से घायल हो गए. इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. साथ ही घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
पहली घटना सोनेल डहुआ का है
जानकारी के मुताबिक, मामला खैरा थाना इलाका का है. तीनों मृतक इसी थाने के अलग-अलग इलाके के रहने वाले थे. पहली घटना सोनेल डहुआ की है. सोनेल डहुआ निवासी 17 वर्षीय अभिषेक कुमार घर के बरामदे में मोबाइल पर गेम खेल रहा था. इसी दौरान उसके ऊपर वज्रपात हो गया. इससे उसकी मौत हो गई.

अमन कुमार बारिश में घर लौट रहा था
दूसरी घटना सोनो बाजार स्थित मंडल टोला की है. मंडल टोला निवासी 10 वर्षीय अमन कुमार बारिश में घर लौट रहा था. इस दौरान उसके आसमानी बिजली गिर गई. इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. इसी तरह तीसरा मामला सोनो थाना इलाके के ही मनदाता का है, जहां 3 साल के सिद्धार्थ की बिजली गिरने से मौत हो गई.

शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
घटना के बाद मृतकों के परिजनो में मातम छाया हुआ है. वहीं, तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है. इसके अलावा खैरा थाना इलाके में ही बिजली गिरने के दौरान तेज आवाज से दो बच्चे घायल हो गए, जिनका इलाज सोनो पीएचसी में चल रहा है. फिलहाल घायल दोनों बच्चे की स्थिति सामान्य है.


