नवगछिया : प्रखंड की जमालपुर गांव में मंगलवार की देर रात घर पर बरगद का विशाल पेड़ गिरने से दो घर पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए थे। घटना के बाद स्थानीय प्रशासन ने गिरे पेड़ को नहीं हटवाया। इससे पीड़ित और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। विरोध में गुरुवार को दिन के 9 बजे बिहपुर से खरीक जाने वाली 14 नंबर रोड लत्तीपुर चौक के पास बास-बल्ला लगाकर रोड जाम कर दिया।
Total Downloads: 202
प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शनकारी क्षतिपूर्ति की मांग करने लगे। जाम की सूचना पर मौके पर दल-बल के साथ पहुंचे थानाध्यक्ष रणजीत कुमार ने लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन लोग मुआवजे की मांग पर अड़े थे। एक घंटा बाद सीओ रतन लाल भी मौके पर पहुंचे। जहां सीओ ने पेड़ हटवाने व पीएम आवास योजना के तहत घर दिलाने का भरोसा जताया, तब दो घंटे बाद 11 बजे जाम समाप्त हुआ।

इस दौरान सड़क की दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। मंगलवार की देर रात विशाल बरगद का पेड़ गिरने से चार आदमी घायल हो गए थे। इसमें एक महिला सुनीता देवी का इलाज मायागंज में चल रहा है।

मणिकलाल रजक, युगल किशोर गुलशन, रजक दीपक बताया कि दो दिन से वन विभाग व बिहपुर सीओ को फोन करते रहे थे, लेकिन एक भी पदाधिकारी देखने तक नहीं आए। इस बरसात के मौसम में हम सभी का परिवार घर से बेघर हो गया। आसपड़ोस में रहकर दिन काट रहे हैं। इस लिए विवश होकर रोड जामकर विरोध दर्ज कराना पड़ा।

