भागलपुर जिले के कहलगांव में घरेलू गैस सिलेंडर में आग लगने के बाद हुए विस्फोट में एक की मौत हो गई जबकि राहगीरों और पड़ोसियों समेत 15 लोग घायल हो गये। घटना के समय सिलेंडर में आग लगते ही डर से घरवाले भाग खड़े हुए जिससे परिवार के सभी लोग सुरक्षित बच गये।

विस्फोट इतना जबर्दस्त था कि आसपास का पूरा क्षेत्र थर्रा उठा। विस्फोट में तीन मकान क्षतिग्रस्त हो गया। यह हादसा कहलगांव के रसलपुर सहायक थाना क्षेत्र के एकचारी पश्चिम टोला में मंगलवार की सुबह उस समय हुआ जब घर में महिला ने खाना बनाने के लिए गैस चुल्हा जलाया।

घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने मृतक और हादसे के शिकार लोगों के लिए मुआवजे की मांग को लेकर एकचारी मोहनपुर सड़क को जाम कर दिया। जाम की वजह से सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। मौके पर पहुंचे कहलगांव के अंचलाधिकारी मो0 मोइनुद्दीन ने मुआवजा दिये जाने के आश्वासन के बाद जाम हटा तथा वाहनों की आवाजाही शुरू हो पाई।

जानकारी के मुताबिक रेडिमेड कपड़ा दुकानदार बाल्मिकी दास के भाई विद्याधर दास की पत्नी रेखा देवी ने दुकान के पीछेवाले कमरे में खाना बनाने के लिये गैस सिलेंडर जलाया तो सिलेंडर में आग लग गई। परिजनों ने भींगे कपड़ों से आग बुझाने का भी प्रयास किया लेकिन आग को बुझता ना देख परिवार के सारे लोग अनहोनी की आशंका से घर छोड़ भाग खड़े हुए। इस बीच जोरदार आवाज के साथ सिलेंडर विस्फोट कर गया। विस्फोट इतना जबर्दस्त था कि विद्याधर का कमरा और दुकान के बीच की दीवाल धराशाई हो गयी और दुकान का शटर भी विस्फोट से उड़कर काफी दूर चला गया।

घटना में पड़ोसियों के दीवार का कुछ हिस्सा गिर गया वहीं विस्फोट की चपेट में आकर अधिकांश राहगीर और लगभग 15 पड़ोसी घायल हुए। मृतक पंकज पंडित साइकिल से मजदूरी करने के लिये घर से जैसे ही निकला कि बाल्मिकी के घर के पास पहुंचते ही वह विस्फोट की चपेट में आ गया तथा मौके पर ही दम तोड़ दिया। सभी घायलों को एकचारी और कहलगांव स्थित प्राइवेट नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। वहीं गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को परिजन भागलपुर के मायागंज अस्पताल लेकर चले गए।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *