बीरबन्ना में एनएच-31 पर दो ट्रकों की भीषण भिड़ंत, 19 वर्षीय चालक घायल

नवगछिया से पटना लौट रहा ट्रक ट्रेलर से टकराकर सड़क पर पलटा, डेढ़ से दो घंटे तक लगा रहा भीषण जाम

📲 Download Naugachia News App

Total Downloads: 504

नवगछिया। प्रखंड क्षेत्र के बीरबन्ना स्थित एनएचएआई (NHAI) प्लांट के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर बुधवार की अहले सुबह करीब साढ़े पांच बजे दो भारी वाहनों के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में नवगछिया की ओर से आ रहा एक ट्रक खगड़िया की तरफ से आ रहे अनियंत्रित ट्रेलर से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क पर ही पलट गया। दुर्घटना में ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही भवानीपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से क्षतिग्रस्त ट्रक के केबिन में फंसे चालक को बाहर निकाला और तत्काल इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), नारायणपुर भेजा।

पटना निवासी 19 वर्षीय चालक घायल, प्राथमिक उपचार के बाद खतरे से बाहर

सीएचसी नारायणपुर में ड्यूटी पर तैनात डॉ. राहुल कुमार की देखरेख में घायल चालक का प्राथमिक उपचार किया गया। चिकित्सकों के अनुसार, चालक को अंदरूनी और बाहरी चोटें आई हैं। हालांकि, प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।

घायल चालक की पहचान पटना जिले के नदी थाना क्षेत्र अंतर्गत मोतीपुर गांव निवासी महेश राय के 19 वर्षीय पुत्र बिट्टू कुमार के रूप में हुई है।

बिट्टू कुमार ने बताया कि वह नवगछिया से खाली ट्रक लेकर बुधवार की सुबह करीब साढ़े चार बजे पटना लौटने के लिए निकला था। इसी दौरान बीरबन्ना एनएचएआई प्लांट के पास पहुंचते ही विपरीत दिशा से आ रहे ट्रेलर से उसके ट्रक की टक्कर हो गई। टक्कर के बाद ट्रक सड़क पर पलट गया और वह केबिन में फंसकर घायल हो गया।

सड़क पर पलटे ट्रक से लगा भीषण जाम

दुर्घटना के बाद सड़क के बीचोंबीच ट्रक पलट जाने और उसके क्षतिग्रस्त होने से एनएच-31 पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। करीब डेढ़ से दो घंटे तक हाईवे पर भीषण जाम की स्थिति बनी रही। इससे यात्री वाहनों के साथ-साथ मालवाहक वाहनों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

सूचना मिलते ही भवानीपुर थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए क्रेन मंगवाई। कड़ी मशक्कत के बाद दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को सड़क से हटाकर किनारे कराया गया, जिसके बाद हाईवे पर यातायात सुचारू रूप से बहाल हो सका।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *