नवगछिया : बीते माह 22 जून को अनुमंडल के तटबंधों पर हुए कटावरोधी कार्य का जायजा लेने के लिए जल संसाधन मंत्री संजय झा आए थे। इस दौरान उन्होंने चोरहर बागजान तटबंध का करीब दो घंटे निरीक्षण किया था। निरीक्षण के बाद उन्होंने दावा किया था कि तटबंध दुरूस्त है। मंत्री ने इसके लिए विभागीय अफसरों की सराहना करते हुए कहा था कि इस बार तटबंध को कटाव से कोई खतरा नहीं है। लेकिन महज 33 दिन बाद ही कोसी नदी का जलस्तर बढ़ने से यहां भीषण कटाव शुरू हो गया है और अब तो तटबंध के अस्तित्व पर ही खतरा मंडरा रहा है। बीते तीन दिन में कटाव से पश्चिमी छोर पर स्टेट बोरिंग के समीप दो सौ मीटर के दायरे में इसका तीन हिस्सा नदी में विलीन हो चुका है। इससे इलाके के दर्जनों गांवों के अस्तित्व पर भी संकट के बादल मंडराने लगे हैं। जलप्रलय की आशंका से लोग दहशत में हैं।
Total Downloads: 199
लोगों की मानें तो जहां कटाव हो रहा है वहां विभाग ने काम ही नहीं कराया था। उस जगह कार्य कराने की बात विभाग द्वारा टेंडर नहीं होने की बात कही थी। हालांकि विभाग की टीम एनसी, जीओ बैग, हाथी पांव, तीन पोपलेन दो जेसीबी के साथ बांध को बचाने में जुटी हुई है। लेकिन कटाव की रफ्तार इतनी तेज है कि यह विफल साबित हो रहा है।


गोविंदपुर के ग्रामीणों ने अंचल कार्यालय के समक्ष किया प्रदर्शन
बिहपुर | प्रखंड के कहारपुर व गोविंदपुर में कटाव का कहर जारी है। कटाव देख ग्रामीण भयभीत हैं। अब तक इन दोनों गांव के 15 घर कोसी में विलीन हो चुके हैं। लेकिन कटावरोधी कार्य शुरू नहीं हुआ है। इससे आक्रोशित गोविंदपुर के ग्रामीणों ने शनिवार को अंचल कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया। ग्रामीण विजय ऋषिदेव, मंगरू ऋषिदेव, नंदलाल ऋषिदेव, गुरुदेव ऋषिदेव, वकील ऋषिदेव आदि ने कहा कि हम कटाव का दंश झेल रहे हैं और प्रशासन कुंभकरणी नींद मेंं है। ग्रामीणों ने कहा कि इसे लेकर सोमवार एसडीओ कार्यालय के समक्ष धरणा-प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद भी कटावरोधी काम शुरू नहीं किया गया तो हम उग्र आंदोलन को बाध्य हाेंगे। रोज गांव के उपजाऊ जमीन व घर कट रहा है, लेकिन देखने वाला कोई नहीं। सूबे के जल संसाधन मंत्री संजय झा पिछले माह नवगछिया अनुमंडल के बांधों का निरीक्षण करने आए थे। उनके जाने के दो दिन बाद विभाग के वरीय पदाधिकारी गांव आकर कटाव का मुआयना किए। लेकिन अब काम शुरू नहीं हुआ है।

सिंहकुंड के कई घर कटाव के मुहाने पर
कोसी नदी के ही सिंहकुंड में शुरू हुए कटाव का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को भी कटाव का कहर जारी था। जिसमें लगातार किसानों की उपजाऊ जमीन कटकर नदी में समा रहा है। वहीं लोगों के आशियाने को भी कोसी लील रही है। शनिवार को मुकेश कुमार, अरुण शर्मा, शत्रुघन साह समेत कई लोगों के घर कटाव के मुहाने पर आ चुका है। जो किसी भी समय नदी में समा सकता है।
बगजान तटबंध पर चल रहा कटाव रोधी कार्य।
