सुपौल में छुपकर मिल रहे एक प्रेमी युगल को लोगों ने पकड़ लिया। इसके बाद दोनों को बिजली के पोल में बांधकर ग्रामीणों ने जमकर पिटाई की, फिर दोनों की शादी करा दी। मामला छातापुर थाना क्षेत्र के रामपुर पंचायत का है।

घटना एक सप्ताह पुरानी बताई जा रही है और प्रेमी युगल की पिटाई का वीडियो अब वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है रामपुर पंचायत के एक वार्ड की एक युवती का सोहटा पंचायत के बेलसंडी गांव के एक युवक से काफी दिनों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवक अक्सर लड़की से मिलने रामपुर आ जाता था। एक सप्ताह पहले भी युवक लड़की से मिलने आया था। दोनों गांव में सुनसान जगह पर बैठे हुए थे।

इसी बीच कुछ ग्रामीणों ने उन्हें देख लिया। इसके बाद दोनों को पकड़कर गांव में लाया गया और उन्हें बिजली के पोल से बांध दिया गया। इसके बाद लाठी-डंडे से दोनों को पीटा गया। कई महिलाओं ने भी लड़की को लप्पड़ थप्पड़ मारे। प्रेमी युगल बार-बार हाथ जोड़कर गुहार लगाता रहा लेकिन भीड़ ने उनकी एक नहीं सुनी। बाद में कुछ ग्रामीणों के हस्तक्षेप के बाद दोनों की शादी करा दी गई और लड़की को युवक के साथ उसके गांव भेज दिया गया।

इस संबंध में रामपुर पंचायत की मुखिया कुलसुम ने बताया कि वह अभी बाहर गई थी। पंचायत में ऐसी किसी घटना के होने की सूचना उन्हें नहीं है। जानकारी लेने के बाद वह कुछ कह पाएंगी।

थानाध्यक्ष ने कहा-घटना की हो रही है जांच
छातापुर थानाध्यक्ष राघव शरण ने बताया कि सूचना मिली है। वीडियो के आधार पर सही जानकारी का पता लगाया जा रहा है। इस संबंध में लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *