इलेक्ट्रिक कार के बाद बिहार की सड़कों पर इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल भी दौड़ेगी। मोटरसाइकिल खरीदने वालों को सरकार टैक्स पर 50 प्रतिशत की छूट मिलेगी। अभी दुपहिया वाहनों पर टैक्स इसकी कीमत का आठ फीसदी है। यानी लोगों को अब इसके रजिस्ट्रेशन पर चार फीसदी ही टैक्स देना होगा। इन दुपहिया वाहनों की रफ्तार अधिकतम 72 किलोमीटर प्रति घंटे की है।
इलेक्ट्रिक कार की तरह परिवहन विभाग ने इलेक्ट्रिक बाइक/स्कूटी के चलन को भी बढ़ावा देने का प्रस्ताव तैयार किया है। वायुप्रदूषण से मुक्ति के लिए इलेक्ट्रिक कार व बाइक को बाजार में उतारा जा रहा है। सबसे पहले इसकी शुरुआत पटना से की जाएगी। इसके बाद सभी प्रमुख शहरों में इलेक्ट्रिक बाइक की एजेंसी खोली जाएगी। सरकार ने इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल के लिए पांच निर्माता कंपनियों को आमंत्रित किया है।


इनमें से दो कंपनियां हीरो व ओकिनावा अपनी मोटरसाइकिल बाजार में उतार भी चुकी हैं। हीरो मोटरसाइकिल की गति करीब 50 किलोमीटर है, वहीं ओकिनावा मोटरसाइकिल की गति 72 किलोमीटर प्रति घंटा है।
एक बार चार्ज करने पर करीब 30 रुपये होंगे खर्च इलेक्ट्रिक कार व मोटरसाइकिल को चार्ज कराने के लिए शहर शहर में 20 जगह चिन्हित किये गए हैं। एक बार चार्ज कराने पर करीब 30 रुपये खर्च होगा। बाइक चार्जिंग के लिए दोनों विकल्प उपलब्ध रहेंगे। चाहें तो सार्वजनिक चार्जिंग स्टेशन पर या अपने घर में भी मोबाइल की तरह चार्ज कर सकते हैं।

