रंगरा में करोडो की लागत से बने नवनिर्मित मॉडल प्रखंड कार्यालय भवन का ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने किया उद्घाटन

सूबे के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि करोड़ों रुपए की लागत से बनाई गई यह इमारत कोई साधारण इमारत नहीं, बल्कि सरकार और जनता के सपनों की इमारत है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गांधी, जयप्रकाश और लोहिया का जो सपना था कि गांव के लोगों को 100% सरकारी लाभ मिले। इसी सपने को पूरा करने के लिए सरकार ने इस उद्देश्य के साथ इस इमारत का निर्माण कराया है। उन्होंने कहा कि एक ही छत के नीचे प्रखंड स्तर के सभी अधिकारी और कर्मचारी मिले और एक ही छत के नीचे जनता का काम पूरा हो सके, यही सरकार का सपना है। यह सरकार की अत्यंत महत्वाकांक्षी परियोजना है। ऐसी इमारत पूरे राज्य में महज 4 जिले में बनाई गई है।

सरकार ने तो अपनी जिम्मेदारी पूरी कर ली है। अब इस प्रखंड अधिकारियों और कर्मचारियों को यह जिम्मेदारी बनती है कि सरकार व जनता के अरमानों को पूरा करें। उक्त बातें उन्होंने बुधवार को प्रखंड में करोड़ की लागत से बने नवनिर्मित मॉडल प्रखंड कार्यालय भवन का उद्घाटन करने के बाद समारोह को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि अब अधिकारियों और कर्मचारियों की बहानेबाजी नहीं चलेगी। सरकार और जनता के इस सपने को प्रखंड के अधिकारी और कर्मचारी पूरे करें। अब सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को यहीं 24 घंटे रहना होगा। इसके लिए इस भवन में आधुनिक सुविधाओं से लैस आवास की सुविधा मुहैया कराई गई है। मौके पर ही मौजूद डीडीसी को निर्देश दिया कि वे समय-समय पर निरीक्षण कर जांच करें यदि कोताही की जाती है तो उनके खिलाफ कार्रवाई करें। कहा के दूसरे चरण में सरकार का पूरे राज्य में 77 ऐसे भवन बनाए जाने का प्रस्ताव है। 101 आईटी भवन बनाए जाने हैं।

कमरों की साफ-सफाई नहीं देख नाराज हुए मंत्री

उद्‌घाटन के बाद मंत्री ने नवनिर्मित पांच मंजिल भवन के सेमिनार हॉल, कार्यालय कक्ष ,आगंतुक कक्ष, शौचालय आदि का मुआयना भी किया।निरीक्षण के क्रम में कमरों की साफ-सफाई नहीं देख वे नाराज हुए और मौके पर ही उन्होंने डीडीसी सुनील कुमार व बीडीओ शिल्पा कुमारी वैद्य को सफाई करवाने का निर्देश दिया। साथ ही सफाई के लिए ठोस व्यवस्था होने तक तत्काल मनरेगा में काम कर रहे वनपाल, मजदूरों को लगाएं।

परिसर में पौधरोपण कर दिए संदेश

उद्घाटन के बाद मंत्री ने नवनिर्मित भवन प्रांगण में पौधरोपण किया। कहा कि वर्तमान परिवेश में हमारा जीवन संकट में है। इसे बचाने के लिए पौधा लगाना काफी जरूरी है। इसके लिए सरकार ने अगले वित्तीय वर्ष में सूबे में 33% हरियाली युक्त वातावरण निर्माण का लक्ष्य रखा है। इसके लिए 150 करोड़ पौधा लगाने का प्रस्ताव रखा गया है। मौके पर विधायक नरेंद्र कुमार नीरज उर्फ गोपाल मंडल, डीडीसी सुनील कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी मुकेश कुमार, जिप सदस्य शबाना आजमी, प्रखंड प्रमुख शीला देवी, सरपंच योगेंद्र मंडल, पैक्स अध्यक्ष राजेश्वर यादव, किसानश्री वेदव्यास चौधरी ने भी संबोधित किया। मंच संचालन शिक्षक मुकेश मंडल ने किया। मौके पर सीओ जितेंद्र कुमार राम, भवन निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता मनोज कुमार, जिला पंचायती राज के निर्देशक प्रमोद कुमार, ब्लाक पंचायती राज पदाधिकारी अजय झा, पूर्व जदयू जिलाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह, युवा जदयू के पूर्व जिलाध्यक्ष त्रिपुरारी कुमार भारती, मुरली मुखिया प्रदीप मंडल, भवानीपुर मुखिया शिकारी रजक, जदयू नेता गणपति मंडल के अलावा सैकड़ों लोग मौजूद थे।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *