जिले में ठंड का कहर जारी है। अभी एक सप्ताह तक लोगों को ठंड से राहत के आसार नहीं है। भागलपुर में नौ व 10 जनवरी को बारिश होने से ठंड में बढ़ोतरी की संभावना है। मंगलवार को सुबह में दृश्यता 10 से 12 मीटर रही। इस वजह से सड़कों पर काफी कम भीड़ थी।
सुबह कोहरे से शहर लिपटा रहा, लेकिन दोपहर में धूप खिलने से लोगों को राहत मिली। बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर के मौसम वैज्ञानिक डॉ. वीरेंद्र कुमार ने बताया कि कोहरे के कारण सुबह लोगों को सड़कों पर चलने में परेशानी होगी। इस दौरान 15 मीटर तक दृश्यता रहने की संभावना है। मंगलवार को न्यूनतम तापमान आठ व अधिकतम 19.8 डिग्री सेल्सियस रहा।

मजदूरों को रोजी-रोटी की समस्या: कोहरे के कारण मजदूरों के सामने रोज-रोटी की समस्या पर उत्पन्न हो गयी है। तिलकामांझी चौक पर अन्य दिनों की तुलना में मंगलवार को मजदूरों की संख्या में काफी कम रही। मजदूर राजू ने बताया कि आमतौर यहां 500 के आसपास मजदूर रोजगार की तलाश में आते हैं, लेकिन आज 300 के आसपास ही पहुंचे हैं। उन्होंने बताया कि कोहरे के कारण दूर-दराज के आने वाले मजदूर सुबह नहीं पहुंच पा रहे हैं।


