40 फीट ऊंचे हाईटेंशन टावर पर चढ़कर एक युवक ने गले में मफलर से फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। घटना सबौर थाना क्षेत्र के बैजलपुर गांव के उत्तरी बहियार में रविवार सुबह 9 बजे की है।

आसपास के खेतों में सिंचाई कर रहे किसानों ने 8 बजे युवक को टावर पर चढ़ा देख उसे नीचे उतरने को कहा, लेकिन वह नहीं माना। इसके बाद किसानों ने इसकी सूचना ग्रामीणों को दी। सूचना पर काफी संख्या में लोग जुट गए और उससे नीचे उतरने की गुजारिश की। इसी बीच सबौर पुलिस को इसकी जानकारी होने पर वहां चौकीदार भी पहुंच गया। मृतक युवक की पहचान नीचे फेंके गए उसके वोटर कार्ड से यूपी के गौतमबुद्ध नगर जिला के धनकोर थाना के महमदपुर गांव निवासी उपेंद्र गुर्जर (32) के रूप में हुई।

युवक की मौत की सूचना पर सबौर थानाध्यक्ष अजय कुमार अजनबी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की तहकीकात की। पुलिस ने घटनास्थल से एक क्षतिग्रस्त मोबाइल वोटर आईकार्ड और 3200 रुपए बरामद किया है। थानाध्यक्ष ने मोबाइल का सिम निकाल दूसरे मोबाइल से इसकी सूचना उसके परिजनों को दी। इसके बाद बिजली मिस्त्री को बुलाकर रस्सी के सहारे शव को उतरवाया और थाने ले गई। थानाध्यक्ष ने कहा कि पुलिस सभी बिंदुओं पर मामले की जांच कर रही है। जल्द ही इसका खुलासा कर दिया जाएगा।

लोगों के समझाने पर कहा-जबरदस्ती करेंगे तो यहीं से कूद जाऊंगा

इस दौरान लोगों के समझाने पर युवक ने कहा कि जबरदस्ती करेंगे तो यहीं से कूद जाऊंगा। युवक जिस समय हाईटेंशन तार वाले टावर पर चढ़ रहा था उस वक्त लाइन में मेंटेनेंस का काम किया जा रहा था। इस वजह से बिजली काट दी गई थी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टावर पर चढ़ने के बाद उसने मोबाइल से किसी से बात भी की। फिर मोबाइल को क्षतिग्रस्त कर नीचे फेंक दिया। उसके पास जो भी रुपए थे उसे भी हवा में उड़ा दिया। इसके बाद मफलर को टावर के एंगल में बांधकर गले से फंदा लगाकर झूलकर जान दे दी।

यूपी से सबौर कैसे और क्यों आया था, पुलिस कर रही जांच

युवक यूपी के गौतमबुद्धनगर से सबौर कैसे और क्यों पहुंचा था, पुलिस इसकी जांच कर रही है। थानाध्यक्ष ने आशंका जता रहे हैं कि हो सकता है, युवक की शादी भागलपुर के आसपास ही कहीं हुई होगी। उन्होंने कहा कि इसकी छानबीन की जा रही है। वैसे परिजनों के आने के बाद ही इसका पता चल पाएगा। वहीं ग्रामीणों ने बताया कि युवक मानसिक रूप से कमजोर प्रतीत हो रहा था। उसकी भाषा भी समझ में नहीं आ रही थी। टावर के नीचे कुछ राख पड़ा हुआ था। आशंका है कि टावर पर चढ़ने से पूर्व उसने आग जलाकर सेंका हो। इधर, घटना की सूचना के बाद युवक के परिजन अपने घर से सबौर के लिए रवाना हो चुके हैं। थानाध्यक्ष ने बताया कि उनके आने के बाद शव का पोटमार्टम कराया जाएगा।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *