रात और सुबह के समय ठंड कम होने का नाम नहीं ले रही है। आज पटना, गया सहित राज्य के विभिन्न हिस्सों में न्यूनतम तापमान दो से पांच डिग्री तक गिरा। फरवरी की शुरुआत में पटना में अधिक ठंड ने पांच, जबकि गया में 12 वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ डाला। हालांकि दिन में धूप से राहत रही। पछुआ भी रविवार की अपेक्षा शांत रही। 12-13 किलोमीटर की रफ्तार से पछुआ चली। रविवार को इसकी रफ्तार 22 किमी के आसपास थी।

गया में 12 वर्षों का रिकॉर्ड ध्वस्त

मौसम विभाग के अनुसार सबसे अधिक न्यूनतम पारा गया में गिरा। यहां तापमान 5.2 डिग्री पर आ गया है। रविवार को यह 10.2 डिग्री पर था, जिसमें पांच डिग्री तक गिरावट आई। फरवरी में न्यूनतम तापमान ने गया में पिछले 12 वर्षों का रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया। वर्ष 2008 में फरवरी में गया का तापमान 5.9 डिग्री तक आया था। वहीं पटना में पारा 2.6 डिग्री तक गिर कर 8 डिग्री तक आ गया।

यह पिछले पांच वर्षों में फरवरी में सबसे कम तापमान है। इसके पहले 2015 में न्यूनतम पारा एक फरवरी को 7.9 डिग्री पर पहुंचा था। सोमवार को बिहार में 5.2 डिग्री तापमान के साथ सबसे ठंडा गया रहा। जबकि सबसे गर्म दरभंगा रहा। दरभंगा में दिन का तापमान सबसे अधिक 24.2 डिग्री दर्ज किया गया। इसके अलावा राज्य में एक-दो जगहों पर हल्का कोहरा रहा।

कई हिस्सों में बूंदाबादी व हल्की बारिश की संभावना

एक पश्चिमी विक्षोभ रात बिहार में प्रवेश करने वाला था, जिसके कारण बुधवार को बिहार के कई हिस्सों में बारिश की संभावना जतायी जा रही थी, लेकिन यह कमजोर पड़ गया। अब छह फरवरी की रात में पटना सहित राज्य के कई हिस्सों में बूंदाबादी व हल्की बारिश की संभावना बन रही है। उत्तर-पूर्व बिहार के सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, पूर्णिया, दक्षिण मध्य बिहार के पटना, बेगूसराय, नवादा, नालंदा, शेखपुरा, गया और दक्षिण पूर्व बिहार के खगड़िया, मुंगेर, भागलपुर, लखीसराय, जमुई, बांका में बूंदाबांदी या हल्की बारिश हो सकती है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *