नवगछिया : विक्रमशिला सेतु सोमवार को सुबह से लेकर देर रात तक जाम की जद में रहा. दिन भर यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा तो देर रात को भी बड़ी संख्या में यात्रियों को पैदल ही पुल पार करते देखा गया. पुलिस द्वारा जाम का कारण पुल पर तीन वाहनों का खराब होना बताया जा रहा है. जानकारी के अनुसार पुल पर दो ट्रक और एक पीअप के खराब हो जाने के कारण सुबह से लेकर देर रात तक लोगों को जाम का सामना करना पड़ा. सुबह पुल पर एक ट्रक के खराब होने के बाद देखते ही देखते पुल पर जाम लग गया. पुलिस स्तर से आनन फानन में दोपहर के समय तक खराब ट्रक को हटाया गया. खराब ट्रक को हटाने के तुरंत बाद पुल पर नवगछिया के सीमा क्षेत्र में ही एक पीक अप वैन खराब हो गयी.

देर शाम तक पीअप वैन को हटाया गया तो शाम में भागलपुर से नवगछिया की ओर जा रहा एक ट्रक का गुल्ला पुल पर ही टूट गया. जिसके कारण पुल पर देर रात जाम लगा था. हालांकि पुलिस स्तर से बार बार पुल को वनवे कर स्थिति को नियंत्रित किया जा रहा था लेकिन ओवरटेक के कारण पुलिस पर जाम लग जा रहा था और फिर पुलिसकर्मी कुछ भी कर पाने की स्थिति में नहीं थे. सोमवार को नवगछिया से भागलपुर आने जाने में तीन से चार घंटे का समय लग रहा था. नवगछिया से भागलपुर के लिए खुलने वाले अधिकांश ऑटो, ई रिक्शा व छोटे वाहन यात्रियों को जाह्नवी चौक पर ही उतार कर लौट जा रहे थे.

इसके बाद यात्रियों को पैदल ही भागलपुर के लिए रवाना होना पड़ रहा था. सोमवार को दिन भर पुल का रैलिंग भी पूरी तरह से जाम रहा. जिसके कारण यात्रियों को पुल पर पैदल चलने में भी परेशानियों का सामना करना पड़ा. कुर्सेला के तीनघरिया गांव से चिकित्सक को दिखाने भागलपुर जा रही वृद्धा देवयंती देवी ने कहा कि वह सुबह ही अपने घर से चली थी. दोपहर के एक बज रहे हैं और वह अभी तक भागलपुर नहीं पहुंच सकी है. देवयंती देवी के पुत्र सुकेश कुमार ने कहा कि चिकित्सक के यहां से ग्यारह बजे तक बुलाया गया था.

लेकिन जाम रहने के कारण वे समय से नहीं पहुंच पाये. अब रात भागलपुर में ही गुजार कर मंगलवार को चिकित्सक से दिखाना होगा. जाम के कारण उन्हें अब अतिरिक्त खर्चे का बोझ उठाना होगा. महेशखूंट के नरेश कुमार कपड़ा व्यवसायी हैं. कपड़ा लाने के लिए वे भागलपुर जा रहे हैं. दोपहर एक बजे तक वे भी जाम में फंसे हुए हैं. नरेश ने कहा कि अब भागलपुर से कपड़े की खरीददारी करना टेढ़ी खीर हो गयी है. आज के बाद से वे आस पास के अन्य शहरों की ओर खरीदारी के लिए रूख करेंगे. सतीशनगर के सुनील सिंह, भरतखंड के भक्कू चौधरी, नवगछिया राजेंद्र यादव, मानसी के बबलू कुमार भी जाम में फंसे दिखे. सभी पुलिस और प्रशासन को कोसते दिखें.

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *