भागलपुर : 74वें स्‍वतंत्रता दिवस पर भागलपुर का मुख्‍य समारोह सैंडिस कंपाउंड में हुआ। जिलाधिकारी प्रणव कुमार ने इस अवसर पर यहां झंडा फहराया। उनके साथ जिले के कई अधिकारी व कर्मचारी मौजूद थे।

जिलाधिकारी प्रणव कुमार ने कहा है कि लोगों के सहयोग और समर्थन से आने वाले समय में कोरोना हार जाएगा। वे स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सैंडिस कंपाउंड में झंडोत्तोलन के बाद लोगों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कोरोना को लेकर जिले में लगातार सुविधाएं बढ़ाई जा रही है। अभी तक जिले में 50 हजार से अधिक टेस्ट कराए गए हैं। सभी प्राथमिक सामुदायिक प्रमंडलीय एवं जिला अस्पताल में एंटीजन कीट उपलब्‍ध करा दी गई है। इसके माध्यम से जांच की जा रही है। कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की देखभाल के लिए लगातार चिकित्सक लगे हुए हैं। 3000 आइसोलेशन बेड उपलब्ध है। पर्याप्त ऑक्सीजन की व्यवस्था यहां उपलब्ध है। हर समय एंबुलेंस चिकित्सक पारा कर्मी ड्यूटी कर रहे हैं। उन्‍होंने कहा कि पुलिस और लोगों की कर्मठता के कारण भागलपुर में कोई भी विधि व्यवस्था समस्‍या उत्पन्न नहीं हुई है।

डीएम ने कहा कि लोगों के सहयोग से यह जिला विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। शराब बंदी के बाद से लगातार सघन छापेमारी चल रही है। 6000 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है। भारी मात्रा में शराब जप्त किए गए हैं। 500 वाहनों एवं घर को जप्त किया गया है ।जल जीवन हरियाली को लेकर तालाब कुआं पाइन आदि का जीर्णोद्धार हुआ है। भूजल को बढ़ाने के लिए रेन वाटर हार्वेस्टिंग और सोख्ता का निर्माण किया गया है। जिले में नौ लाख से अधिक पौधे लगाए गए हैं। उन्होंने गोपालपुर के धरहरा गांव का जिक्र करते हुए कहा कि वहां बच्ची के जन्म पर पौधरोपण होता है। ऐसा और भी गांवों में होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि देश के साथ-साथ अपना जिला भी सभी क्षेत्रों में विकास कर रहा है और आत्मनिर्भर बन रहा है।

शहर के विकास के लिए निगम की कई योजनाओं

नगर निगम परिसर में स्‍वतंत्रता दिवस के मौके पर झंडोतोलन के बाद पार्षद और निगम कर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि शहर के विकास के लिए कई योजनाओं को धरातल पर उतारा गया है। उन्होंने कहा सबसे बड़ी खुशी की बात यह है कि बरारी शमशान घाट स्थित विद्युत शवदाह गृह चालू हो गया। इससे आम लोगों को अंतिम संस्कार में होने वाली परेशानियों से मुक्ति मिली। हर वार्ड में एक एक फॉगिंग मशीन उपलब्ध कराया गया। टाउन हॉल और सैंडिस के विकास के लिए स्मार्ट सिटी योजना से 62 करोड़ रुपये का कार्य चल रहा है। जैन मंदिर मार्ग में जलजमाव की समस्या का निदान शीघ्र होगा। महामारी को लेकर निगम ने काफी कार्य किया। कार्यक्रम में डिप्टी मेयर राजेश वर्मा, नगर आयुक्त सहित पार्षद मौजूद थे।

शान से लहराया तिरंगा

भागलपुर जंक्शन पर प्रमंडल का सबसे ऊंचा तिरंगा शान से लहराया। स्टेशन के सरर्कुलेटिंग एरिया में 100 फीट ऊंचा तिरंगा लगाया गया। 24 घंटे शहरवासी और आम लोग तिरंगे को फहरता देख सकेंगे। भागलपुर जंक्शन पर स्टेशन अधीक्षक समर सिंह ने झंडोत्तोलन किया। इस मौके पर चीफ यार्ड मास्टर प्रमोद कुमार, राम बालक चौधरी, सीआइटी आरएन पासवान थे। वही आरपीएफ पोस्ट में इंस्पेक्टर अनिल कुमार सिंह, जीआरपी थाना में थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने झंडोत्तोलन किया।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *