भागलपुर, पटना सहित राज्य के 20 जिलों में 15 अप्रैल को आंधी के साथ बारिश होने की आशंका है। इसके लिए मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है। किशनगंज, अररिया, सुपौल, मधेपुरा, पूर्णिया सहित 12 जिलों में 16 अप्रैल को बारिश होने के आसार हैं। इस दौरान धूल भरी आंधी चलेगी। मौसम विभाग के मुताबिक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बिहार, झारखंड, ओडिशा होते पश्चिम बंगाल तक फैला है। इसकी वजह से झारखंड में जहां कई स्थानों पर हल्की बारिश हो रही है, वहीं बिहार अाैर उत्तरप्रदेश में बादल छाए हुए हैं और तेज हवाएं चल रही हैं।

इसकी वजह से तेज धूप और तपिश के बाद भी उमस भरी गर्मी का अहसास नहीं हो रहा है। इससे पहले मौसम विभाग ने सोमवार से बिहार के 14 जिलों में हीट वेव का अलर्ट जारी किया था। लेकिन, बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी और उत्तर-पश्चिम की तरफ से आने वाली तेज हवाओं की वजह गर्म हवाओं से राहत मिली है। बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी की वजह से दिन का तापमान 48 घंटे से स्थिर बना हुआ है।

जबकि, रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। भागलपुर में सोमवार को अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस रिकाॅर्ड किया गया है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस होने का अनुमान है। रविवार काे अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। शहर में अधिकतम अाैर न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे अंतर काफी कम हो रहा है। इस कारण सुबह और रात में ज्यादा गर्मी पड़ रही है।

देश के कई राज्यों में भी बारिश के बन रहे आसार

आईएमडी के राष्ट्रीय मौसम पूर्वानुमान केंद्र के अनुसार, दक्षिण भारत के ऊपर बन रहे चक्रवात की वजह से देश के कई हिस्सों में गरज के साथ 30-40 किलोमीटर की तेज हवाएं या आंधी चलने और छिटपुट बूंदाबांदी होने की आशंका है। 14 से 16 अप्रैल के दौरान तमिलनाडु, केरल और कर्नाटक के दक्षिण इलाकों में भी भारी बारिश का अनुमान है। मध्य प्रदेश, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में अगले 24 घंटों के दौरान गरज के साथ बूंदाबांदी और तेज हवाओं (30-40 किमी प्रति घंटा) की आशंका जताई गई है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *