साेशल मीडिया पर भड़काउ और विवादित पोस्ट करने के मामले में पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक नारायणपुर के मधुरापुर बाजार के मो सरफराज, मो इमरान उर्फ चुन्ना और बहाला गांव निवासी संतोष कुमार यादव है पुलिस ने तीनों की मोबाइल को भी जब्त कर लिया है। साेशल मीडिया पर विवादित पोस्ट डालने की सूचना नवगछिया एसपी सुशांत कुमार सरोज को मिली थी।
Total Downloads: 102
सूचना के तुरंत बाद जिले में कार्यरत सीसीएसएमयु से पोस्ट का सत्यापन कराया गया। सत्यापन होते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दिलीप कुमार के नेतृत्व में बिहपुर अंचल निरीक्षक अमर विश्वास, भवानीपुर ओपी अध्यक्ष रमेश कुमार, समेत अन्य पुलिस कर्मियों की एक टीम का गठन किया गया। तकनीकी सहयोग से विवादित पोस्ट करने में संलिप्त तीनों लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। नवगछिया एसपी सुशांत कुमार सरोज के अनुसार तीनों ने अपराध में अपनी संलिप्तता को भी पुलिस के समक्ष स्वीकार किया है। संतोष कुमार यादव द्वारा आपत्तिजनक कंटेंट तैयार किया गया और उक्त पोस्ट को सोशल मीडिया में पोस्ट किया गया था।


उसी पोस्ट को मो इमरान ने सरफराज नाम के युवक को भेजा था जबकि सरफराज ने उक्त पोस्ट को एक अन्य साेशल मीडिया प्लेटफार्म पर शेयर कर दिया। पोस्ट में क्या विवादित था, इस बात को अनुसंधान का हवाला दे कर उन्होंने बताने से इनकार किया लेकिन उन्होंने इतना जरूर कहा कि कोई भी सभ्य नागरिक उक्त पोस्ट की बातों से सहमत नहीं होगा और उसे आपत्ति जरूर होगी। नवगछिया एसपी ने सोशल मीडिया पर सक्रिय लोगों से अपील करते हुए कहा है कि बिना तथ्य को जाने और सक्षम प्राधिकार की पुष्टि के बिना कोई भी आपत्तिजनक पोस्ट करेंगे तो इसकी कड़ी निगरानी पुलिस की एक टीम कर रही है। नवगछिया एसपी ने कहा कि मामले में स्पीडी ट्रायल चलाया जाएगा।
त्वरित कार्रवाई के लिए टीम को किया सम्मानित
विवादित पोस्ट मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए नवगछिया के एसपी सुशांत कुमार सरोज ने भवानीपुर के थानाध्यक्ष रमेश कुमार साह, बबलू पंडित, सुरेश कुमार मंडल, हसीन अहमद खां, रवि कुमार, विजय कुमार, सुमन कुमार को नकदी दे कर सम्मानित किया है
शराब की सूचना पर नाम रखा जायेगा गुप्त
नवगछिया एसपी ने कहा कि शराब से संदर्भित सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम गुप्त रखा जायेगा। नवगछिया एसपी ने कहा कि अब प्रत्येक सप्ताह में एक बार वे थानाध्यक्षों के साथ वर्चुअल मीटिंग करते हैं सभी थानाध्यक्षों को एक माह में एक बार गुंडा परेड करवाने का भी निर्देश दिया गया है।
एसपी का फेसबुक अकाउंट हो गया था हैक
नवगछिया एसपी सुशांत कुमार सरोह ने कहा कि सोशल मीडिया अकाउंट हैक होना आज कल आम बात हो गयी है। एक बार उनका भी अकाउंट हैक हो गया था हैक होने की स्थिति में तुरंत अकाउंट को ब्लाक करवा देना चाहिए फिर इसकी सूचना पुलिस को देनी चाहिए।
