नवगछिया। नवगछिया में गंगा और कोसी में आई बाढ़ का पानी कई इलाकों में घुस जाने के बाद लोगों ने सड़कों, बांधों पर शरण ली है। इस्माईलपुर प्रखंड की इस्माईलपुर पश्चिमी भिठ्ठा पंचायत बाढ़ से लगभग पूरी तरह प्रभावित होने लगा है। सोमवार को इस्माईलपुर हाट परिसर और मध्य विद्यालय, प्राथमिक विद्यालय के परिसर में बाढ़ का पानी फैल गया है। जिससे आमलोगों का जनजीवन प्रभावित हो गया है।
Total Downloads: 362
कई वार्डों के घरों में बाढ़ का पानी आ जाने से लोगों ने घर छोड़कर बांधों पर शरण ली है। बाढ़ के कारण लोगों के बीच खाना बनाने, शौचालय, शुद्ध पेयजल आदि की समस्या उत्पन्न हो गई है। बांध पर रह रहे लोगों को गर्मी, धूप व बरसात में खुले आसमान के नीचे रहने की मजबूरी हो गयी है। बाढ़ से इस्माईलपुर, फुलकिया, रामदिरी गांव के सैकड़ों परिवार प्रभावित हुए हैं।

स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि मनोहर मंडल ने बताया कि तत्काल सूखा राशन की आवश्यकता है। कोसी नदी का पानी सधुआ, सहौड़ा, कोशकीपुर में आ गया है। जिला परिषद शबाना आजमी ने एसडीओ से मिलकर पीड़ितों को सूखा राशन दिए जाने की मांग की। एसडीओ ने कहा कि बाढ़ से पीड़ित परिवारों के बीच चूड़ा, शक्कर बांटने का आदेश दिया जा रहा है।

