गोपालपुर : डीएम आदेश तितरमारे शनिवार को गोपालपुर प्रखंड के आदर्श ग्राम धरहरा के मध्य विद्यालय के ऑफिस में प्रखंडस्तरीय पदाधिकारियों से मुख्यमंत्री के सात निश्चय योजना की जानकारी ली तथा पदाधिकारियों को कई आवश्यक निर्देश दिये. गोपालपुर बीडीओ व सीओ को विशेष रूप से आवश्यक निर्देश दिये. बताते चलें कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पाँचवीं बार 19जनवरी को धरहरा पधार रहे हैं. जिला व प्रखंडस्तरीय पदाधिकारियों व स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ डीएम आदेश तितरमारे धरहरा में हर घर नल से शुद्ध पानी पहुँचाने, घर-घर शौचालय ,बिजली आदि की जानकारी पैदल घूम-घूम कर ली. उन्होंने धरहरा के वार्ड नंबर दो में मनरेगा से सौन्दर्यीकरण होने वाले तालाब का निरीक्षण के साथ कबूतरा स्थान का निरीक्षण किया. जहाँ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 19जनवरी को ग्रामीणों के साथ संवाद करेंगे. डीएम आदेश तितरमारे ने शनिवार को गोपालपुर प्रखंड व अंचल कार्यालय के साथ कौशल विकास केन्द्र का निरीक्षण किया. बताते चलें कि कौशल विकास केन्द्र मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की महत्वाकांक्षी योजना है. इसके पूर्व डीएम आदेश तितरमारे ने स्वतंत्रता सेनानी पार्क का उद्घाटन व सवच्छता संदेश ज्योति यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. ट्राइसेम भवन में डीएम ने गोपालपुर प्रखंड प्रमुख रूबी देवी ,सैदपुर पंचायत की मुखिया अंजलि कुमारी तथा गोपालपुर प्रखंड की मुखिया रीता चौधरी को पंचायतों को खुले में शौच से मुक्त करने हेतु चादर देकर सम्मानित किया. प्रखंड मुख्यालय गोपालपुर में डीएम को गार्ड ऑफ ऑनर तथा गुलस्ता देकर सम्मानित किया गया. इस मौके पर प्रखंड मुख्यालय को दुलहन की तरह सजाया गया था. डीएम आदेश तितरमारे ने प्रेस प्रतिनिधियों को बताया कि मुख्यमंत्री धरहरा बड़ी योजनाओं का शुभारंभ करने आ रहे हैं. वार्ड नंबर दो स्थित तालाब का सौंदर्यीकरण कर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा वहाँ 19जनवरी को एक सौ पौधे लगाये जाएँगे. उन्होंने बताया कि 9जनवरी को धरहरा में विकास शिविर लगाने का निर्देश दिया गया है. विकास शिविर में ग्रामीणों की सभी समस्याओं का निदान करने का निर्देश पदाधिकारियों को दिया गया है. उन्होंने कहा कि यह मेरे लिये गर्व की बात है कि यहाँ इतने अधिक स्वतंत्रता सैनानी हुए. डीएम आदेश तितरमारे ने धरहरा में मिनी ग्रामीण जलापूर्त्ति योजना का निरीक्षण पदाधिकारियों के साथ किया. बताते चलें कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पहल पर लोक स्वास्थ्य प्रमंडल भागलपुर द्वारा वर्ष 2014-15 में इसका निर्माण किया गया था. मुख्यमंत्री सात निश्चय योजना के तहत पाँच हजार लीटर पानी फिल्टर कर सप्लाई किया जायेगा. वार्ड नंबर दो में 252घरों में नल से पानी दिया जायेगा. धरहरा हरिजन टोला के ग्रामीणों ने डीएम से कहा कि हुजूर सबसे पहले मुख्यमंत्री हमारे टोला में ही आये थे. लेकिन अभी तक सड़क भी नहीं बनी है. हमारे यहाँ स्कूल भी नहीं है, जब मुख्यमंत्री आते हैं, तभी पदाधिकारी लोग आते हैं. पहले के डीएम साहब को आवेदन दिये थे. लेकिन कुछ भी नहीं हुआ. धरहरा के ग्रामीणों ने पीसीसी सड़क क्षतिग्रस्त होने की शिकायत डीएम से की. निजी जमीन पर सड़क व पाइप बिछाने की शिकायत भी कुछ ग्रामीणों ने किया. उप मुखिया आजाद ने कब्रिस्तान को अतिक्रमण मुक्त कराकर चहार दिवारी देने की माँग जिला पदाधिकारी आदेश तितरमारे से किया. प्रखंड मुख्यालय गोपालपुर में बिंद टोली „तिनटंगा करारी व सुकटिया बाजार तथा डुमरिया चपरघट पंचायत से बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने डीएम से बाढ़ राहत की राशि अब तक नहीं देने व राशन-कूपन नहीं मिलने की शिकायक की. सुकटिया बाजार के महादलित टोले के लोगों ने भी बाढ़ राहत राशि नहीं मिलने की जानकारी दी. डीएम आदेश तितरमारे के आने के पूर्व एडीएम हरिशंकर प्रसाद, निदेशक लेखा डा संजय कुमार, वरीय उपसमाहर्त्ता अमलेन्दु कुमार, डीपीआरओ शहादत हुसैन, अनुमंडल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी विपिन कुमार, डीसीएलआर सुरेन्द्र कुमार अलवेला आदि पदाधिकारी मौजूद थे. विभिन्न पदाधिकारी द्वारा विभिन्न योजनाओं की जाँच की गई. बीडीओ डा रत्ना श्रीवास्तव ,सीओ अनिल कुमार, बीएओ हरिश्चन्द्र दास, मनरेगा पीओ, प्रसार पदाधिकारी विरेन्द्र कुमार, सांख्यिकी पदाधिकारी हिलारियुस हेम्ब्रम, मुखिया गिरिधारी पासवान, गौतम शर्मा, पूर्व मुखिया जितेन्द्र कुमार गौतम, विजय सिंह, उप प्रमुख दयानंद यादव, प्रमुख पति मुकेश सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों की मौजूदगी देखी गई.
By Rishav Mishra Krishna
न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे....


