नवगछिया : खरिक में बारिश के 10 दिन बाद भी प्रखंड के विभिन्न गांवों में जलजमाव से लोगों को निजात नहीं मिल पाई है। लिहाजा, लोग उठ रही दुर्गंध के बीच जीवन जीने को विवश है। हैरत की बात तो यह है कि इस दिशा में प्रशासनिक स्तर से कोई पहल नहीं की जा रही है। सबसे खराब हालात तुलसीपुर पंचायत के वार्ड 14 स्थित मंडल टोला की है। यहां कई लोगाें के घरों में अब पानी जमा है। ग्रामीणों ने बताया कि जलजमाव की समस्या के समाधान के लिए कई बार स्थानीय पदाधिकारियों से गुहार लगाई गई, लेकिन समाधान तो दूर, कोई पदाधिकारी झांकने तक नहीं आए। बारिश से बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं।

वहीं, प्रखंड के अन्य कई गांवों में भी यही हाल है। जिसके कारण लोगों का जीना मुहाल है। दरअसल, 10 दिनों सेजलजमाव रहने के कारण दुर्गंध उठ रही है। पानी के ऊपरी तल पर कजली बैठ चुकी है। जिससे बीमारी फैलने की आशंका है। खरीक बाजार से हटिया जाने वाली सड़क पर काली मंदिर के पास घुटनेभर पानी जमा है। इससे लोगों को बाजार आने-जाने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जबकि कार्तिक मंदिर के पास भी करीब 100 मीटर के दायरे में सड़क तालाब बनी हुई है। पानी जमा रहने के कारण व्यवसायियों का कारोबार प्रभावित हो रहा है।


गुरुवार को घर में जमा पानी में गिरने से 8 माह के बच्चे की हो गई थी मौत

तुलसीपुर गांव में गुरुवार को पलंग पर सोया 8 माह का बच्चा घर में जमा बारिश के पानी में गिर गया था। जिससे उसकी मौत हो गई थी। मरने वाले बच्चे की पहचान शेखपुरा निवासी दीपो यादव के पुत्र आयुष कुमार के रूप में हुई थी। आयुष जन्म के बाद से ही तुलसीपुर स्थित अपने ननिहाल में ही रह रहा था। आयुष की मां विंदु देवी उसे घर में सुलाकर घरेलू काम करने लगी थी। कुछ देर बाद जब कमरे में गई तो घुटनेभर पानी में बच्चा गिरा हुआ था। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया था।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *