इशाकचक पुलिस ने भीखनपुर ग्रिड के पास बुधवार शाम को छापेमारी कर एक युवक को 5 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़ाए युवक डेविड कुमार रामसर मोहल्ले का रहने वाला है। उसके पास से पुलिस ने 5 पुड़िया ब्राउन शुगर, कॉड (ब्राउन शुगर में मिलाने वाला पाउडर) की पुड़िया, इलेक्ट्रॉनिक वेट मशीन और फर्जी प्रेस कार्ड बरामद किया है। अपनी बाइक में प्रेस लिखवा लिया था और उसपर घूम-घूम कर ब्राउन शुगर बेचता था। पुलिस ने बाइक काे जब्त कर लिया है। युवक के पास से बरामद 5 पुड़िया ब्राउन शुगर का वजन एक ग्राम 650 एमजी है।

पिछले कई दिनों से इशाकचक पुलिस को इस युवक के बारे में सूचना मिल रही थी कि वह पत्रकार हाेने की आड़ में ब्राउन शुगर बेच रहा है। पुलिस ने इसके तकनीकी सबूत भी जुटाए थे। इसके बाद बुधवार शाम को सूचना मिली कि उक्त युवक भीखनपुर ग्रिड के पास एक चाय दुकान में सिगरेट पी रहा है। वही ब्राउन शुगर की डिलीवरी होने वाली है। इस सूचना पर पुलिस ने छापेमारी की तो वह पकड़ा गया और तलाशी में ब्राउन शुगर और समेत अन्य सामान उसके पास से बरामद हुआ।

गिरफ्तारी से बचने के लिए युवक ने पुलिसवालों पर जमाया धौंस, वर्दी उतरवाने की दी धमकी तक दे डाली

गिरफ्तारी के समय पहले तो युवक ने पुलिसवालों पर धौंस जमाया और वर्दी तक उतरवाने की धमकी दे डाली। लेकिन पुलिस के पास पक्की सूचना थी। जब युवक की तलाशी ली गई तो उसकी घिग्घी बंध गई। गिरफ्तारी के बाद युवक गिड़गिड़ाने लगा और कहने लगा कि उसने पीने के लिए ब्राउन शुगर की पुड़िया खरीदी थी। लेकिन पुलिस ने जब उससे इलेक्ट्रॉनिक वेट मशीन के बारे में पूछा तो उसने चुप्पी साध ली। मामले में युवक के खिलाफ इशाकचक पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया है।

ब्राउन शुगर के दर्जनभर ग्राहक व सप्लायर रडार पर

भागलपुर | सबौर पुलिस की गिरफ्त में आए ब्राउन शुगर के तस्करों के मोबाइल से पुलिस को कई अहम जानकारी मिली है। पुलिस ने गिरफ्तार पांचों तस्करों के मोबाइल का डिटेल्स निकाला है। साथ ही उसके मैसेज, चैट, एसएमएस की जांच की जा रही है। अब तक जांच में पुलिस को एक दर्जन से अधिक ब्राउन शुगर के ग्राहक और सप्लायर के नंबर मिले हैं, जिनका कनेक्शन उक्त पांचों से रहा है। इसमें डालकोला और मालदा के ब्राउन शुगर के सप्लायर से भी इनके कनेक्शन का खुलासा हुआ है। ब्राउन शुगर के ज्यादातर ग्राहक शहर के हैं।

पुलिस सारे ग्राहकों के मोबाइल का डिटेल्स निकाल रही है, ताकि उनपर भी शिकंजा कसा जा सके। जबकि थोक विक्रता हबीबपुर का मो. गुलाब आलम, नुमान खान उर्फ टीपू और मो. शाह फहद आलम है। टीपू और फहद अब तक फरार है। पुलिस दोनों की तलाश कर रही है। डिलीट एसएमएस और चैट को भी पुलिस रिकवर करने की तैयारी कर रही है। तस्करों के मोबाइल में कई फोटो और वीडियो भी मिले है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है। बता दें कि सबौर पुलिस ने 750 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ प्रेमनगर, सबौर निवासी गौतम मंडल उर्फ गौतम माफिया, आदमपुर घाट निवासी पंकज साह, हबीबपुर के दक्षिण टोला निवासी गुलाब आलम, चमेलीचक निवासी मो. अतहर, मो. तनवीर को गिरफ्तार किया था।

चाय दुकान के जरिए ब्राउन शुगर की होती थी बिक्री

ब्राउन शुगर का गिरफ्तार तस्कर पंकज साह का आकाशवाणी चौक के पास चाय की दुकान है। उसके पिता चाय दुकान चलाते हैं। पंकज भी दुकान में बैठता था और वहीं से ब्राउन शुगर की बिक्री करता था। पूर्व में तिलकामांझी इलाके में भी पुलिस ने एक चाय दुकान में छापेमारी कर फायल पेपर, ब्राउन शुगर पीने वाला पाइप भारी मात्रा में बरामद किए थे।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *