पटना के गाय घाट इलाके के महिला रिमांड होम की सुपरिटेंडेंट वंदना गुप्ता पर रिमांड होम में रह चुकी एक लड़की ने गंभीर आरोप लगाए हैं। लड़की का कहना है कि वहां की लड़कियों को बाहर के लोगों के साथ भेजा जाता था। सुपरिटेंडेंट ये कहकर भेजती थी कि जाओ तुम्हारी लाइफ बन जाएगी। जिस जगह पर लड़की से पूछताछ की गई, उसका वीडियो भी सामने आया है। इससे स्पष्ट होता है कि वो किसी थाने का है। क्योंकि, बैकग्राउंड में वायरलेस पर भेजे गए मैसेज की आवाज आ रही थी।
Total Downloads: 101
ढाई मिनट के वीडियो में बताई पूरी कहानी
दैनिक भास्कर के हाथ लगे ढाई मिनट के वीडियो में लड़की ने रिमांड होम के अंदर की खौफनाक हरकतों का खुलासा किया है। उसने बताया है कि किस तरह से वहां रह रही लड़कियों का शारीरिक और मानसिक शोषण किया जाता है। लाइफ बनाने के नाम पर गुप्त तरीके से सुंदर लड़कियों को रिमांड होम के बाहर लड़कों के पास भेजा जाता है। अक्सर रिमांड होम में बाहरी लोगों का आना-जाना होता है। जो लड़कियां सुपरिटेंडेंट वंदना गुप्ता की बात नहीं मानती हैं, उन्हें दवा खिलाकर पागल बनाया जाता है।
फांसी लगाकर हसीना को मार दिया
लड़की पूरी तरह से डरी हुई थी। डरते हुए उसने वीडियो में बताया कि वहां पर मरने के लिए जाएं। वंदना गुप्ता के खिलाफ हम बोल रहे हैं न, तो हम जाएंगे तो वो मार देगी। वहां जान से मार दिया जाता है। हसीना को वहां फांसी लगा दी गई थी। अभी तक पागलखाने में उसका कंकाल होगा। हसीना ने सुसाइड नहीं किया था। उसे मारा गया था। हसीना अपनी जिंदगी जीना चाहती थी।

तड़प कर मर गई वो दीदी
लड़की ने बताया कि 10 साल से लड़कियां वहां रहती हैं। पक जाती हैं। वो भी अपनी जिंदगी जीना चाहती हैं। वहां कहा जाता है कि आती हो कानून की तरफ से, पर जाओगी वंदना गुप्ता की तरफ से। वहां मरियम और एक लड़की थी। उसका छोटा बच्चा भी था। वो बीमार थी। लेकिन उसे हॉस्पिटल लेकर नहीं गई। उससे वंदना गुप्ता ने 4 हजार रुपए मांगे थे। जब उसे रुपए नहीं मिला तो हॉस्पिटल भी नहीं भेजा। 10 दिन से वो खाना नहीं खा रही थी। इसके बाद वो दीदी मर गई।
सुंदर लड़कियों को बाहर भेजा जाता है
घबराई हुई लड़की ने वीडियो में कबूल किया कि उसके साथ भी ऐसी हरकत हुई थी। बहुत लोग आते हैं, जिन्हें लड़की पहचानती नहीं है। वहां रहने वाली सुंदर लड़किया वंदना गुप्ता की चहेती बनी हुई है। जो लड़कियां मैडम के खिलाफ होती हैं, उन्हें वो देखना तक नहीं चाहती हैं। सुंदर लड़कियों को बाहर भेजती हैं।
मैं अपना जीवन जीना चाहती थी। सबका साथ देना चाहती थी। मेरा कोई सपोर्ट नहीं करती है। इस कारण अपना मुंह नहीं खोल पाई। वहां 200 लड़कियां भूली-भटकी और 300 लड़कियां लव मैरिज के मामले में रह रही हैं। जबकि, कुछ लड़कियों को पागलखाने में रखा गया है। मैडम के खिलाफ में जो लड़कियां होती हैं, उन्हें दवा खिलाकर पागल करार दिया जाता है।
पुलिस ने शुरू कर दी जांच
इस पूरे प्रकरण पर सोमवार को पटना के SSP मानवजीत सिंह ढिल्लो से बात की गई। SSP के अनुसार नागरिक संयोजक मंच की एक टीम रविवार को उनके पास आई थी। उनके जरिए ही यह मामला सामने आया। वहां से लड़की को महिला थाना भेजा गया। महिला थाना की टीम ने लड़की का बयान दर्ज कर लिया है। इसके आधार पर पुलिस ने केस की जांच शुरू कर दी है। पुलिस की जांच में लड़की के लगाए आरोप सही मिले तो इस मामले में FIR दर्ज होगी और दोषियों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
