नारायणपुर : प्रखंड के जयपुर चुहर पश्चिम पंचायत की शाहपुर दियारा में शनिवार दोपहर एक बजे चूल्हे की चिंगारी से भड़की आग से 31 घर जलकर राख हो गये। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पूर्व मुखिया, मुखिया व सीओ को दूरभाष पर दी। सीओ अजय सरकार ने अग्निशमन को सूचना दी लेकिन दियारा इलाका होने के कारण अग्निशमन की गाड़ी नहीं पहुंच पायी। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने तीन घंटे बाद आग पर काबू पाया।
Total Downloads: 160
सीओ अजय सरकार ने बताया कि पीड़ित परिवारों की सूची बनायी गयी है। पीड़ित गोरेलाल मंडल, सिकन्दर मंडल, झिंगो मंडल, शंभु मंडल, रामस्वरूप मंडल, राजु मंडल, उगो मंडल, सुनील मंडल, ममता देवी सहित अन्य ने बताया कि हमलोग खाना खाकर खेत में फसल तैयार करने चले गये। अचानक धुआं देखकर ग्रामीणों ने शोर मचाया। गोरेलाल मंडल के घर में आग लग गयी है। तेज पछुआ हवा ने लगभग घर को जला कर राख कर दिया। जिसमें सभी परिवार का सरसों की तैयार फसल सहित अन्य सामान जलकर खाक हो गया। अगलगी की घटना में कुछ भी नहीं बच पाया। इस घटना में छह- सात बकरी भी जल गयी।
सीओ ने सभी पीड़ित परिवारों को पांच किलो चूड़ा, चीनी, मोमबत्ती, सलाई, प्लास्टिक सहित अन्य सामान दिया। सामूहिक किचेन में खिचड़ी और चोखा को तैयार कर खाना खिलाया जा रहा है। सोमवार को सभी के खाते में नगद राशि दी जाएगी।

