भागलपुर में गुरुवार रात लगभग दस बजे जीरोमाइल से सैंडिस तक (तीन किमी) स्कूटी सवार लड़कियों का सफारी गाड़ी में सवार शोहदों ने पीछा किया। शुक्र है कि लड़कियों के आगे बाइक से एक लड़की का मंगेतर चल रहा था और पीछे उसके मंगेतर का दोस्त कार से था। लड़कियों के साथ लड़कों के होने का अहसास होते ही शोहदे गाड़ी लालबाग रोड में खड़ी कर भाग निकले। सूचना मिलने पर डीएसपी सिटी प्रकाश कुमार और तिलकामांझी थानाध्यक्ष राजरतन पहुंचे।
Total Downloads: 172
शोहदों की तलाश में पहुंची पुलिस पर बाहर नहीं निकला कोई
सफारी में सवार शोहदों की तलाश में पुलिस हनुमानपथ स्थित एक घर तक पहुंची। काफी देर तक दरवाजा खटखटाया पर कोई बाहर नहीं निकला। घर में अंदर से ताला बंद था। किसी के बाहर नहीं निकलने पर पुलिस क्रेन से गाड़ी खींच थाने ले गई। सूचना मिलने पर वार्ड 32 के पार्षद हंसल सिंह समेत काफी संख्या में लोग जमा हो गए।
सफारी गाड़ी का रजिस्ट्रेशन नंबर इंडिका का निकला
मौके पर पहुंची पुलिस दोनों लड़कियों को तिलकामांझी थाना ले गई लेकिन वे बिना लिखित शिकायत किये ही वहां से निकल गईं। पुलिस ने जब सफारी गाड़ी के रजिस्ट्रेशन नंबर (बीआर 09एच 3464) की जांच की तो वह इंडिका कार का निकला। गाड़ी में एक पार्टी का झंडा भी लगा हुआ है। तिलकामांझी थानाध्यक्ष राजरतन ने बताया कि फर्जी रजिस्ट्रेशन नंबर लगाने को लेकर कानूनी कार्रवाई की जायेगी।

बेंगलुरू में रहती है लड़की, मंगेतर से मिलने गई थी
जिस लड़की का शोहदों ने पीछा किया, उनमें स्कूटी चलाने वाली लड़की बेंगलुरू में रहती है। वह मूल रूप से भीखनपुर की रहने वाली है। वह छुट्टी में आई हुई है। कार से उनके साथ चल रहे उसके दोस्त ने बताया कि लड़की अपने मंगेतर से मिलने के लिए जीरोमाइल गई थी। वहां से वे सभी भीखनपुर उस लड़की को छोड़ने जा रहे थे। स्कूटी पर बैठी दूसरी लड़की भी उस लड़की की रिश्तेदार है। लड़की कला के क्षेत्र में काम करती है।
डीएसपी सिटी प्रकाश कुमार ने कहा, ‘गाड़ी को जब्त कर लिया गया है। गाड़ी किसकी है और उसमें कौन लोग बैठे थे, इसका पता नहीं चल सका है। आगे उचित कानूनी कार्रवाई की जायेगी।’
