भागलपुर । तेज आंधी के कारण गुरुवार को भागलुर-जमालपुर के बीच ट्रेन परिचालन ठप हो गया। शाम के लगभग 4.40 बजे आंधी आयी और जमालपुर से भागलपुर के बीच कई जगहों पर पेड़ ट्रैक पर आ गिरा। इससे ओवरहेड इलेक्ट्रिक लाइन भी क्षतिग्रस्त हो गई। अकबरनगर और नाथनगर में पेड़ ट्रैक पर गिर गया तो गनगनिया स्टेशन के पास सिग्नल उखड़ गया। इसके बाद अप और डाउन दोनों लाइन पर ट्रेनों का परिचालन रोक दिया गया। जमालपुर-हावड़ा सुपर एक्सप्रेस, गया-हावड़ा एक्सप्रेस, पैसेंजर ट्रेन और मालगड़ियां अलग-अलग स्टेशनों पर खड़ी कर दी गईं। अप और डाउन लाइन पर लगभग तीन घंटे तक रेल परिचालन ठप रहा।
Total Downloads: 176
ट्रैक से पेड़ को हटाने के लिए पीडब्ल्यूआई के कर्मचारियों को तुरंत लगाया गया। वहीं इलेक्ट्रिक विभाग के इंजीनियर जगह-जगह पर क्षतिग्रस्त ओएचई लाइन को दुरुस्त करने में जुट गए। बावजूद इसके शाम सात बजे तक जमालपुर से भागलपुर के बीच ट्रेन सेवा सामान्य नहीं हो पायी थी। गया-हावड़ा एक्सप्रेस रतनपुर में नियंत्रित कर दी गई तो सुपर एक्सप्रेस को जमालपुर से निर्धारित समय पर रवाना ही नहीं किया गया। जमालपुर की ओर जाने वाली एक मालगाड़ी नाथनगर स्टेशन पर खड़ी थी तो एक मालगाड़ी भागलपुर में खड़ी कर दी गई। एक पैसेंजर ट्रेन को अकबरनगर स्टेशन रोक दी गई। ब्रह्मपुत्र मेल भी जमालपुर के बाद नियंत्रित कर चलायी गई। 7.30 बजे के बाद अप लाइन से ट्रेनों का परिचालन शुरू हुआ लेकिन सुल्तानगंज से भागलपुर तक डाउन लाइन पर रात के 10 बजे तक ट्रेन परिचालन शुरू नहीं हो पाया था। डाउन लाइन पर जमालपुर से सुल्तानगंज के बीच परिचालन शुरू हुआ तो गया-हावड़ा एक्सप्रेस और ब्रह्मपुत्र मेल आगे बढ़ी। रात के 10.30 बजे तक यह दोनों ट्रेन अकबरनगर के पहले ही खड़ी थी।
इधर, तीन-तीन मालगाड़ियां आगे अटकी होने के कारण अप लाइन पर बर्धमान पैसेंजर घोघा में ही खड़ी कर दी गई। यह ट्रेन लगभग डेढ़ घंटे तक घोघा में खड़ी रही। गया-हावड़ा एक्सप्रेस भी रतनपुर में डेढ़ घंटे से ज्यादा देर तक रुकी रही। लाइन फिटनेस मिलने के बाद ट्रेनों का परिचालन शुरू हुआ। भागलपुर के स्टेशन अधीक्षक राजीश शंकर ने बताया कि ट्रेनों का परिचालन शुरू हो गया है। आंधी के बाद लाइन क्लीयर नहीं होने के कारण मालगाड़ी भागलपुर में रोक दी गई थी।

