नवगछिया। इस्माईलपुर प्रखंड में बुधवार तक आधे से अधिक विद्यालय में बरसात की छुट्टी के बदले गर्मी की छुट्टी मानकर विद्यालय बंद कर दिया है। गुरुवार को सभी स्कूल बंद रहे। ऐसे कमला कुंड मध्य विद्यालय के प्रधानाध्यापक मनीष कुमार ने बताया कि हमें लिखित सूचना विद्यालय बंद करने का नहीं आया था इसीलिए हमने विद्यालय बंद नहीं किया है। प्रत्येक दिन की तरह यहां विद्यालय चला है। मालूम हो कि इस्माइलपुर प्रखंड में कुल 38 मध्य एवं प्राथमिक विद्यालय हैं जिसमें से कुछ एक विद्यालय ही गुरुवार को खुला रहा लगभग सभी विद्यालय बंद रहे।
क्या कहते हैं प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी
प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी राधे कृष्ण सिंह ने कहा कि मैं गुरुवार को योगदान दिया हूं किस कारण से विद्यालय बंद एवं खुल रहा है यह हमारे जानकारी में नहीं है हम पूरी जानकारी पता करके वरीय पदाधिकारी को लिखकर कार्रवाई कराएंगे।
जिला शिक्षा पदाधिकारी
भागलपुर जिला शिक्षा पदाधिकारी संजीव कुमार ने बताया कि बिना आदेश का अपने मन से शिक्षकों के द्वारा विद्यालय बंद करना अपराध है। इस्माईलपुर प्रखंड में बाढ़ के दौरान छुट्टी होती है। अगर विद्यालय बंद हुआ है तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

क्या कहते हैं प्रखंड विकास पदाधिकारी
प्रखंड विकास पदाधिकारी बताते हैं कि विद्यालय क्यो बंद किया गया है। यह जानकारी नहीं है लेकिन विद्यालय बंद होने की सूचना मिली है। यहां पर विद्यालय बरसात एवं बाढ़ के समय बंद होता है इसलिए गर्मी की छुट्टी नहीं होती है।

