जिले में संभावित बाढ़ के कारण तटबंधाें की मरम्मत की समय सीमा 15 जून तक तय की गई है। अब महज 16 दिन बचे हैं। लेकिन अब तक ज्यादातर तटबंधाें की मरम्मत का काम 60 फीसदी बचा हुआ है। पांच माह के अंदर केवल 40 फीसदी ही काम हुआ। अब 16 दिन में 60 फीसदी काम कैसे पूरा हाेगा, यह बड़ा सवाल है। समय पर काम पूरा नहीं हुआ बाढ़ आयी ताे बड़े नुकसान की अशंका है। मुख्य रूप से नवगछिया, गाेपालपुर, इस्माइलपुर, बिहपुर, खरीक के इलाके में तटबंधाें की मरम्मत जरूरी है।
Total Downloads: 176
बिहपुर में तटबंधाें की मरम्मत जनवरी में शुरू हुई। 15 मई तक काम पूरा करना था, लेकिन सीमा खत्म हाेने के बाद भी 60 प्रतिशत काम बचा हुआ है। जल संसाधन विभाग लत्तीपुर नन्हकार तटबंध की मरम्मत दो करोड़ 43 लाख की लागत से करा रहा है। एग्जीक्यूटिव इंजीनियर दिनेश कुमार ने बताया कि एजेंसी काे काम में तेजी लाने के लिए कहा है। नवगछिया के इस्माइलपुर-बिंद टोली के बीच स्थित विभिन्न स्परों का जीर्णोद्धार 14 करोड़ 13 लाख रुपए से हाे रहा है। जल संसाधन विभाग के मंत्री संजय झा मंगलवार को नवगछिया में बांधाें का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद इस्माइलपुर बिंद टोली बांध का निरीक्षण करने जाएंगे। वे अन्य बांधों का भी निरीक्षण करेंगे। वहां से भागलपुर सर्किट हाउस पहुंचेंगे। यहां अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे।
मुख्य अभियंता का दावा समय पर पूरा कर लेंगे काम
इस्माइलपुर-बिंद टोली के बीच स्पर संख्या चार के अपस्ट्रीम में सैंक, स्पर संख्या पांच के डाउनस्ट्रीम में नोज, स्पर संख्या पांच एन वन का नोज प्रोटेक्शन, स्पर संख्या छह से छह एन तक रिवेटमेंट कार्य, स्पर संख्या छह के डाउनस्ट्रीम में नोज व सैंक और स्पर संख्या नौ के डाइन स्ट्रीम में नोज व सैंक का काम चल रहा है। स्पर संख्या पांच से सात के बीच 1400 मीटर में तटबंध के विपरीत किनारे पर मिट्टी काटने का काम चल रहा है। इसके पहले स्पर संख्या दो व तीन के बीच ध्वस्त हुए तटबंध व स्पर संख्या छह एन व सात के बीच क्षतिग्रस्त तटबंध की मरम्मत सिंधुजा कंस्ट्रक्शन कर रही है। स्पर संख्या पांच से लेकर लक्ष्मीपुर तक जमींदारी तटबंध का जीर्णोद्धार तीन करोड़ की लागत से हाे रहा है। जल संसाधन विभाग के मुख्य अभियंता अनिल कुमार ने बताया कि सभी काम समय पर पूरा कर लिया जाएगा।

