नवगछिया। नवगछिया पुलिस ने बड़ी संख्या में स्मैक बरामदगी के साथ अंतर राज्य ड्रग्स तस्करों को गिरफ्तार किया है। एसडीपीओ दिलीप कुमार के नेतृत्व में सोमवार छापेमारी दल का गठन कर अलग अलग जगहों पर छापेमारी कर सात अपराधियों को भारी मात्रा में हथियार गोली और 475 ग्राम ड्रग्स (स्मैक) के साथ गिरफ्तार किया गया। नवगछिया पुलिस की इस कार्रवाई को लेकर नवगछिया एसपी सुशांत कुमार सरोज ने मंगलवार को अपने कार्यलय में प्रेस वार्ता कर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सोमवार की रात रंगरा थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली कि पश्चिम बंगाल मालदा से एक ऑल्टो कार से भारी मात्रा में ड्रग्स नवगछिया जा रहा है। सूचना मिलते ही नवगछिया एसपी शुशांत कुमार सरोज ने नाइट राउंड में गश्त कर रहे नवगछिया एसडीपीओ दिलीप कुमार को कार्रवाई का निर्देश दिया। इसके बाद एसडीपीओ के नेतृत्व में एक टीम जिसमें रंगरा थानाध्यक्ष महताब खान, परबत्ता थानाध्यक्ष रामचंद्र यादव, एसआई अरुण कुमार, एसआई मुकुंद मुरारी व रंगरा अंचलाधिकारी ने रंगरा एनएच 31 स्थित चेक पोस्ट पर वाहन जांच शुरू की। वाहन जांच के दौरान ऑरेंज कलर की ऑल्टो कार संख्या- बीआर 09 आर 6162 की तलाशी के दौरान कार चालक करण राज यादव के अंडरवियर से एक पैकेट ड्रग्स बरामद हुआ। कार पर कुल तीन लोग सवार थे।
Total Downloads: 209
जमुई में सिपाही है एक अभियुक्त
गिरफ्तार अभियुक्त नवगछिया इस्माईलपुर पश्चिमी भिट्ठा निवासी (जमुई में सिपाही पद पर पदस्थापित) करण राज यादव, रंगरा भवानीपुर के कन्हैया कुमार साह और तिरमोहनी शेखपुरा के दीपक कुमार यादव बताए जाते हैं। वही पीछे बैठे कन्हैया साह के अंडरवियर से एक पैकेट ड्रग्स मिला। कार की बॉडी की तलाशी में पीछे के नम्बर प्लेट में बने छोटे तहखाने से दो पैकेट ड्रग्स बरामद की गई। तीनों के पास से तीन मोबाइल और 5 हजार 10 रुपये जब्त किया गया। नवगछिया एसपी ने सिपाही के विषय मे जमुई एसपी को जानकारी दी।
खगड़िया से हत्याकांड के फरार के घर से मिला कार्बाइन :
गिरफ्तार तीनों अभियुक्तों से पूछताछ में भवानीपुर के कन्हैया साह की निशानदेही पर उसके घर पर छापेमारी की गई। वहां से 17 पीस छोटा मोबाइल, एक पुड़िया स्मैक और कुल 37 हजार एक सौ 27 रुपया मिला। तीनों के मोबाइल की जांच में कई तरह के हथियार की संदेहास्पद तस्वीर देखकर कड़ाई से पूछताछ में करन राज यादव ने बताया कि ये तस्वीर उसके भाई ने भेजी है। इसके बाद इस्माईलपुर पश्चिमी भिट्ठा स्थित सिपाही करन राज यादव और उसके भाई रौशन के घर इस्माईलपुर थानाध्यक्ष ने छापेमारी की। जहां से दो अपराधी रौशन कुमार यादव और खगड़िया जिले के अलौली का पीपुलेश कुमार उर्फ अमलेश कुमार को गिरफ्तार किया गया। अमलेश हत्या के आरोप में अलौली थाना से पिछले कई माह से फरार चल रहा है। उसकी निशानदेही पर रौशन के घर से एक लोड कार्बाइन, एक लोड कट्टा और 47 गोली बरामद की गई।

ड्रग्स कारोबारी कन्हैया का है आपराधिक इतिहास:
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार ड्रग्स कारोबारी कन्हैया का पूर्व से ही आपराधिक इतिहास रहा है। करण और दीपक के आपराधिक इतिहास का पता लगाया जा रहा है। एसपी ने बताया कि इस्माईलपुर पश्चिमी भिट्ठा में रौशन का किसी से जमीनी विवाद चल रहा था। इसके लिए रौशन ने किसी तस्कर से हथियार खरीदा था। पुलिस उस तस्कर का पता करने में जुट गई है। मामले को लेकर रंगरा थाना में एनडीपीएस का मामला दर्ज किया गया। इस्माईलपुर थाने में आर्म्स एक्ट के मामला दर्ज कर पांचों अपराधियों को न्यायालय में पेशी के बाद जेल भेजा गया।
हथियार गोली के साथ पिता पुत्र गिरफ्तार:
नवगछिया एसपी ने बताया कि बगड़ी गांव में कुछ अपराधी इकठ्ठा होकर अपराध की योजना बना रहे है। ऐसी जानकारी मिलते ही एसडीपीओ के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। इसमें खरीक थानाध्यक्ष पंकज कुमार, नदी थानाध्यक्ष अशोक कुमार, दर्जनों बल के साथ बगरी में घेराबंदी शुरू की गई। इस दौरान पुलिस को देखते ही बगडी निवासी सतेंद्र यादव और उसके पुत्र अश्विनी यादव पुलिस को देखते ही घर में रखा हथियार लेकर पीछे के रास्ते भागने लगे। मौके पर मौजूद पुलिस बलों ने खदेड़कर दोनों को हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया। मौके से अपराधियो के पास से दोनाली बंदूक, एक कट्टा और पांच गोली बरामद की गई। मामले को लेकर खरीक थाने में आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज कर गिरफ्तार पिता पुत्र को जेल भेज दिया गया। एसपी ने बताया कि दोनो का आपराधिक इतिहास पता किया जा रहा है।
