भागलपुर। आठ नवंबर 2022, कार्तिक शुक्ल पूर्णिमा, मंगलवार। इस दिन को सभी याद रखें। संपूर्ण भारत में चंद्र ग्रहण लग रहा है। सभी राशि वाले यातकों पर अलग-अलग प्रभाव पड़ेगा। पांच राशि वालों के लिए यह चंद्रगहण शुभ संकेत है।
वृंदावन के धर्माचार्य वेंकटेशाचार्य जी महाराज ने कहा कि भारत में खग्रास चंद्रग्रहण दोपहर 1:39 से सायं 6:19 तक है। ग्रहण का मध्य अपराह्न 4:29 पर रहेगा। बिहार, बंगाल, उड़ीसा तथा पूर्वोत्तर भारत में खग्रास रूप में तथा शेष भारत में खण्डग्रास रूप में ही चंद्रोदय के समय पर ग्रसा हुआ दिखाई देगा। ऐसी स्थिति में चंद्रोदय से लेकर मोक्ष तक का समय ही पर्वकाल माना जाएगा। पूर्वोत्तर भारत में चंद्रोदय काल सायं 4:38 है, मध्य भारत में 5:10 है और पश्चिम भारत में 5:43 है। ऐसी स्थिति में सूतक काल चंद्रोदय काल से 9 घंटे पूर्व ही माना जाएगा। पूर्वोत्तर भारत में सूतक काल सुबह 7:38 से है, मध्य भारत में सुबह 8:10 और पश्चिम भारत में सुबह 8:43 से प्रारंभ है।
सूतक काल के समय यह काम नहीं करें : वृंदावन के धर्माचार्य वेंकटेशाचार्य जी महाराजसूतक एवं ग्रहणकाल में मूर्ति स्पर्श करना, अनावश्यक खाना-पीना, मैथुन, निद्रा, नाखून काटना एवं तैलाभ्यंग आदि शृंगार के कर्म वर्जित रहते हैं।
अन्नं पक्वमिह त्याज्यं स्नानं सवसनं ग्रहे। वारितक्रारनालादि तिलैर्दर्भैर्न दुष्यते।।
दूध, दही, अचार, चटनी, मोरब्बा आदि पदार्थों में तेल या कुशातृण (कूश) रख देना चाहिए। सूखे खाद्य पदार्थों में तिल या कुश की आवश्यकता नहीं है। ग्रहण काल में गर्भवती को फल-सब्जी काटना या चाकू-कैंची आदि का प्रयोग नहीं करना चाहिए। बाल-वृद्ध-रोगी एवं गर्भवती महिला को स्वास्थ्य के अनुसार व्यवहार करना चाहिए।
स्पर्शे स्नानं जपं कुर्यान्मध्ये होमं सुरार्चनम् । मुच्यमाने सदा दानं विमुक्तौ स्नानमाचरेत् ।।
ग्रहण स्पर्श के समय स्नान-जाप, मध्य में हवन, स्तोत्र पाठ आदि से देवार्चन और मोक्ष से ठीक पूर्व दान एवं मोक्ष होने पर पुनः स्नान कर लेना चाहिए।
इस ग्रहण का राशि अनुसार प्रभाव जानना भी बहुत आवश्यक है।
मेष – शारीरिक कष्ट, चोट, धननाश।
वृष – धनहानि, आर्थिक परेशानी।
मिथुन – आर्थिक लाभ एवं शारीरिक सुख।
कर्क – मानसिक सुख, शुभ।
सिंह – अपमान, संतान पीड़ा।
कन्या – शत्रु भय, दुर्घटना, व्यय।
तुला – दाम्पत्य जीवन में कष्ट, विवाद।
वृश्चिक – भौतिक सुख, भोग विलास।
धनु – चिंता, व्यर्थ की भागदौड़।
मकर – व्यथा, मानसिक तनाव।
कुंभ – प्रगति, उत्साह, पुरुषार्थ वृद्धि।
मीन – धनहानि, व्यर्थ का खर्च।
📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →
