नवगछिया। बिहपुर थाना के सोनवर्षा महादलित टोला में एक ही कमरे में सोए  पति पत्नी और तीन मासूम  बच्चे के खून से लथपथ मिलने की घटना से पुलिस अभी तक पर्दा नही उठा पाई है। घटना के बाद घायल दोनों बच्चे की मौत हो गयी है जबकि महिला आरती देवी गम्भीर रूप से घायल है जिसका मायागंज अस्पताल में इलाज चल रहा है। दो दिन बाद भी घायल पति भूपेंद्र दास होश में नहीं आया है जबकि चिकित्सकों के अनुसार भूपेंद्र के सिर पर हल्की चोट है उसे होश में आ जाना चाहिए। होश में आने के बाद बार-बार बेहोश हो रहा है।

पूरी घटना के लिए पुलिस को भूपेंद्र पर शक है। एसडीपीओ दिलीप कुमार ने बताया की भूपेंद्र बार-बार बहानेबाजी कर रहा है। उसके सिर पर हल्का चोट लगा है ऐसा लगता है कि घटना को अंजाम देने के बाद बचने के लिए उसने सिर को पटककर लहूलुहान कर लिया हो। जब भी थानाध्यक्ष उससे बयान लेने जाते हैं वह थानाध्यक्ष को देखकर बेहोश हो जाता है। वह बयान देना नहीं चाहता है। एसडीपीओ ने कहा कि भूपेंद्र को शनिवार तक चिकित्सक की निगरानी में रखा जाएगा   उसके बाद उसका बयान लेकर  साक्ष्य के आधार पर उसे जेल भेज दिया जाएगा। एसडीपीओ ने कहा कि अगर वह मुंह नहीं खोलता है तो साफ है कि उसने ही घटना को अंजाम दिया है। उन्होंने कहा कि बंद कमरे में इतनी बड़ी घटना हो गयी और बगल के लोगों को भनक तक नहीं लगी इससे साफ जाहिर है कि घर के लोगों ने ही घटना को अंजाम दिया है।

खैलकै पियलकै सुतलय अरु घटना करलकै :

घटना के बाद बदहवास भूपेंद्र की मां सविया देवी ने कहा कि उसके बेटे ने ही शक में पत्नी से लड़ाई में अपने पूरे  परिवार को मारपीट कर घायल किया है। उसने कहा कि खैलके, पिलकै  सुतलै  अरु कनियानी से लड़ाई झगड़ा करी के  गोस्सा में पूरे परिवार के मारलकै हो बाबू। इतना कहकर बूढ़ी मा  रोते रोते बेहोश हो गई।

भाई रमेश के बयान पर प्राथमिकी दर्ज : घायल भूपेंद्र के भाई रमेश के बयान पर बिहपुर थाना में हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई। प्राथमिकी में उसने कहा है कि गुरुवार की सुबह वह घूमने चला गया। घूमकर आठ बजे घर आया तो उसकी मां खाना बना रही थी। इसी दौरान वह भूपेंद्र के बच्चों का नाम लेकर जगा रही थी, लेकिन कमरे से कोई आवाज नहीं आ रही थी। उसके बाद उसकी मां कमरे के पास गई तो देखा कि फाटक अंदर से रस्सी से बंधा हुआ था। उसने रस्सी को खींचा तो रस्सी टूट गयी। फाटक खोली तो देखा कि घर के सभी लोग लहूलुहान अवस्था मे पड़े हुए हैं।

ग्रामीणों ने कहा सनकी और शक्की है भूपेंद्र :

सोनवर्षा के ग्रामीणों ने  कहा कि भूपेंद्र सनकी और शक्की स्वभाव का है वह अक्सर किसी भी बात पर लड़ाई झगड़ा करने लगता है उसके अपनी पत्नी से भी नही बनती थी जिस कारण अक्सर दोनो मे लड़ाई, झगड़ा होता रहता था। ग्रामीणों ने भी शक जाहिर किया कि किसी बात पर विवाद के बाद उसने ही आक्रोश में घटना को अंजाम दिया होगा।

घटना के कारणों का खुलासा नहीं

घटना के दो दिन बाद भी हत्या के कारणों का खुलासा पुलिस नहीं कर पायी है। भूपेन्द्र के भाई के बयान पर हत्या और हत्या के प्रयास के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। लेकिन यह साफ नहीं हो पाया है कि घटना के पीछे क्या कारण है। किस तरह घटना को अंजाम दिया गया। एक कमरे में इतनी बड़ी घटना हो गयी और आसपास के लोगों को भनक तक क्यों नहीं लग सकी। जबकि मारपीट के दौरान बच्चे चिल्लाये होंगे। इस घटना में दो बच्चों की मौत हो चुकी है। प्राथमिकी में घटना को लेकर किसी तरह का जिक्र नहीं किया गया है। पुलिस भूपेन्द्र के बयान का इंतजार कर रही है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *