नाथनगर प्रखंड के सूजापुर गांव के हेमंत शरण की निर्देशित फिल्म धूप-छांव शुक्रवार काे उनके अपने शहर के दीपप्रभा सिनेमा हॉल में लगी। हेमंत शरण खुद भी शुक्रवार काे यहां सिनेमा देखने आने वाले थे, लेकिन पिता का देहांत हाे जाने के कारण नहीं आ पाए। यह फिल्म पूरे देश में 4 नवम्बर को रिलीज हुई थी। बॉलीवुड के अभिनेता राहुल देव, अतुल श्रीवास्तव, अहम शर्मा, समीक्षा भटनाकर आदि ने इस फिल्म में अभिनय किया है।
Total Downloads: 100
गायक कैलाश खेर, जावेद अली, अन्वेषा, भूमि त्रिवेदी, सलमान अली और अरुण देव यादव ने इसमें अपनी आवाज दी है। फिल्म का निर्माण फॉरएवर बिग एंटरटेनमेंट ने किया है। इसका प्रोडक्शन हेमन्त शरण की कंपनी सेवन विंग फिल्म्स प्रोडक्शन ने किया है। इसके संगीतकार अमिताभ रंजन, नीरज श्रीधर व काशी रिचर्ड हैं।
हेमंत शरण ने बताया कि अपनी बनाई फिल्म का अपने शहर में प्रदर्शित हाेना काफी खुशी देता है। यह फिल्म दो भाइयों के बीच के प्यार को दिखाती है। धूप-छांव टैग लाइन है जहां जीवन शुरू होता है और प्यार कभी समाप्त नहीं होता है। हेमंत ने बताया कि वह सुशांत सिंह राजपूत, शाहिद कपूर व फरहान अख्तर आदि काे निर्देशित कर चुके हैं।

सहायक निर्देशक के तौर पर डिडेक्टिव व्योमकेश बक्शी में सुशांत सिंह राजपूत, आर. राजकुमार में शाहिद कपूर, राजा नटवर लाल में इमरान हाशमी और लखनऊ सेंट्रल में फरहान अख्तर को कास्ट करवा चुके हैं। हेमंत की प्रारंभिक शिक्षा शहर के ही निजी स्कूल से हुई है। टीएमबीयू से स्नातक करने के बाद वह मुम्बई चले गए और सहायक निर्देशक के ताैर पर फिल्माें में काम शुरू किया।
