बीते 24 घंटों में बिहार के मौसम में कोई विशेष बदलाव नहीं हुआ है। राजधानी समेत राज्य भर में मौसम शुष्क व आसमान साफ रहा। राज्य का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 30.7 डिग्री सीतामढ़ी की पुपरी में दर्ज किया गया। जबकि सर्वाधिक न्यूनतम तापमान बांका में 10.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य भर में अधिकतम तापमान में एक डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है।
Total Downloads: 100
बिहार का औसत अधिकतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि राज्य का औसत न्यूनतम तापमान 13 से 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पटना मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार प्रदेश भर में पछुआ व उत्तर पछुआ हवा का प्रवाह बना हुआ है। इन हवाओं की गति चार से पांच किमी प्रति घंटा है। इन हवाओं के प्रभाव से अगले पांच दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा। दिन व रात के तापमान में बदलाव नहीं होगा।
मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार, राज्य के पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, अररिया, किशनगंज, सुपौल व पूर्णिया में सुबह के समय हल्का कुहासा छाया रहेगा। इन जिलों में कुहासे का असर मौसम पर दिखेगा।

19 जिलों के न्यूनतम तापमान में गिरावट
पटना का अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस, गया का 28.3 डिग्री, भागलपुर का 27.5 डिग्री, पूर्णिया का 27.8 डिग्री सेल्सियस रहा। बाल्मीकि नगर का अधिकतम तापमान 27 डिग्री, मुजफ्फरपुर का अधिकतम तापमान 26.4 डिग्री, अररिया का 29.3 डिग्री, औरंगाबाद का 29 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र की मानें तो प्रदेश के अधिकतम व न्यूनतम तापमान में क्रमिक गिरावट जारी रहेगी। धीरे-धीरे प्रदेश में ठंड अपना पैर पसारने में लगा है। सोमवार को राजधानी समेत प्रदेश के 19 जिलों के न्यूनतम तापमान में आंशिक गिरावट दर्ज की गई। वहीं, राजधानी समेत राज्य के अधिकतर हिस्सों में सुबह व रात के समय में ठंड ने भी दस्तक दे दी है।
