नवगछिया : खरीक थाना क्षेत्र स्थित तुलसीपुर में शनिवार को मारपीट में जख्मी चार साल के बच्चे अरमान बैठा की इलाज के दौरान रविवार को मौत हो गई। मृत बच्चे की मां सकीना खातून ने रविवार को मायागंज स्थित अस्पताल में पुलिस के समक्ष अपना बयान दर्ज कराया है।
Total Downloads: 354
महिला का कहना है कि 26 नवंबर की शाम साढ़े चार बजे उसके बेटे के साथ शमशेर बैठा के लड़के चाहत और इस्माइल झगड़ा कर रहे थे। जब उसने दोनों बच्चों की मां शहनाज खातून से बच्चे को समझाने को कहा तो वह गालीगलौज करने लगी।
महिला का कहना है कि वह अपनी शिकायत करने तुलसीपुर पंचायत के मुखिया उमेश कुमार यादव के पास पहुंची तो वहां पहले से ही आरोपी शमशेर बैठा, सद्दाम बैठा और समीन बैठे हुए थे। वहां पहुंचते ही मुखिया ने उन लोगों को मुझे मारने का आदेश दे दिया। उसके बाद उन लोगों ने मारपीट की। महिला का कहना है कि मारपीट में जख्मी होने के बाद वह गिर पड़ी।

उसके बाद शमशेर और सद्दाम बैठा ने उसके बेटे अरमान को मारपीट कर जख्मी कर दिया। उसे पहले नवगछिया स्थित सरकारी अस्पताल में इलाज भेजा गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए मायागंज स्थित अस्पताल लाया गया। यहां इलाज के दौरान रविवार को बच्चे की मौत हो गई। महिला का कहना है कि अगर मुखिया ने आरोपियों को मारपीट करने का आदेश नहीं दिया होता तो घटना नहीं होती।
