नवगछिया । दो दशक पुरानी वर्चस्व की लड़ाई में मंगलवार को दिनदहाड़े अपराधियों ने भवानीपुर निवासी और बैसी बनिया मुखिया गुड़िया देवी के देवर और कुमोदी यादव के भाई निकेश यादव की गोली मार हत्या कर दी है। मृतक सीधा साधा युवक था और अपराध की दुनिया से अलग कमाकर अपने परिवार का भरण पोषण कर रहा था।
बताया जा रहा है कि निकेश यादव रैक प्वाइंट से ट्रैक्टर चलाकर घर की ओर जा रहा था। इसी दौरान भवानीपुर में सत्यम फोटो स्टेट की दुकान पर उतरकर फोटो कॉपी करवाने लगा। इस बीच नवगछिया थाना की ओर से आये बाइक पर सवार तीन अपराधियों ने निकेश पर ताबड़तोड़ कई गोलियां चलाईं। निकेश को तीन गोलियां छाती, हाथ व चेहरे पर लगने से वह गंभीर रूप से जख्मी होकर गिर पड़ा। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने स्थानीय लोगों की मदद से निकेश को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल लाया।
अस्पताल में प्राथमिक चिकित्सा के बाद नाज़ुक स्थिति को देख चिकित्सकों ने मायागंज अस्पताल भागलपुर रेफर कर दिया। भागलपुर ले जाने के दौरान रास्ते में ही निकेश यादव की मौत हो गई। घटना के कारणों का पता स्पष्ट रूप से नहीं चल पाया है। एसपी सुशांत कुमार सरोज ने बताया कि पुरानी रंजिश के कारण घटना घटने की बात बताई जा रही है। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए कई थानों की पुलिस को लगाया गया है। जगह-जगह छापेमारी की जा रही है। जल्द ही अपराधियों की गिरफ्तारी की जाएगी।

घटना की जानकारी मिलते ही नवगछिया पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई है। घटनास्थल पर नवगछिया थानाध्यक्ष भारत भूषण, रंगरा थानाध्यक्ष बिट्टू कमल पुलिसवालों के साथ तलाशी लेने में लगे हुए थे। मृतक के भाई और मुखिया प्रतिनिधि कुमोदी यादव ने पुलिस को दिये बयान में आरोप लगाया कि पुरानी दुश्मनी के कारण ब्रजेश यादव लगातार हमलोगों की हत्या करने की धमकी दे रहा था।
मैंने इस संबंध में नवगछिया पुलिस के वरीय पदाधिकारियों को लिखकर भी दिया लेकिन उस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। उसी ब्रजेश यादव ने मेरे भाई की हत्या की है। कुमोदी यादव का भी आपराधिक इतिहास रहा है। वहीं एसडीपीओ दिलीप कुमार ने बताया कि बाइक पर सवार अपराधियो ने घटना को अंजाम दिया है। घटनास्थल पर सीसीटीवी लगा है लेकिन लाइन कटा हुआ है। घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। चारों तरफ छापेमारी की जा रही है।
