भागलपुर । कांग्रेस का भारत जोड़ो यात्रा भागलपुर जिले के सात में से पांच विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगी। इन पांच विधानसभा क्षेत्रों में चार पर महागठबंधन के विधायक हैं। सात जनवरी की शाम में शाहकुण्ड प्रखंड के रतनगंज में यात्रा का झंडा कांग्रेस नेता ग्रहण करेंगे। यात्रा में शामिल होने के लिए कांग्रेस नेताओं ने विभिन्न गांवों में जनसंपर्क अभियान चलाया।

भारत जोड़ो यात्रा बांका से सुल्तानगंज विधानसभा क्षेत्र के रतनपुर में भागलपुर जिले में प्रवेश करेगी। वहां से नाथनगर, भागलपुर, गोपालपुर और बिहपुर विधानसभा क्षेत्र से गुजरते हुए 10 जनवरी को खगड़िया जिला में प्रवेश करेगी। सुल्तानगंज और गोपालपुर विधानसभा में जदयू के विधायक हैं। नाथनगर में राजद और भागलपुर विधानसभा सीट पर कांग्रेस का कब्जा है। वहीं बिहपुर में भाजपा के विधायक हैं।

कांग्रेस के जिला अध्यक्ष परवेज जमाल ने बताया कि मुख्यालय से यात्रा का रूट चार्ट बनाया गया है। यात्रा को लेकर आम लोगों में काफी उत्साह देखा जा रहा है। गुरुवार को रतनगंज, गौराचौकी, सलेमपुर, सिमरिया आदि गांवों में जनसंपर्क अभियान के दौरान जनता का व्यापक समर्थन मिला। सात जनवरी को भागलपुर जिले में प्रवेश करने के दौरान काफी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता रतनगंज में रहेंगे। रात्रि विश्राम की व्यवस्था संत पथिक विद्यालय रतनगंज में की गयी है।

आठ जनवरी को सिमरिया में दिन के भोजन की व्यवस्था है। रात्रि विश्राम उनके आवास हबीबपुर में होगा। चार सौ लोगों के ठहरने की व्यवस्था की गयी है। जिला अध्यक्ष ने बताया कि भारत जोड़ो यात्रा में काफी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के अलावा आम लोग शामिल होंगे। युवाओं में विशेष उत्साह है। महंगाई से जनता परेशान है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *