भागलपुर में गंगा पर विक्रमशिला सेतु के समानांतर बनने वाले पुल का निर्माण अब पूर्व में चयनित कार्य एजेंसी एसपी सिंघला ही करेगी. सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय, नयी दिल्ली व कार्य एजेंसी के बीच समन्वय स्थापित हो गया है. कार्य एजेंसी ने भी काम करने की सहमति जता दी है. इसके साथ ही मिनिस्ट्री की ओर से नये सिरे से अपनायी जा रही टेंडर की प्रक्रिया रद्द कर दी गयी है. मई से समानांतर पुल बनने लगेगा.
पहले सिंघला ने काम करने से किया था इनकार
मंत्रालय की ओर से जोड़ी जा रही अतिरिक्त शर्तों के कारण पूर्व में चयनित एजेंसी एसपी सिंघला ने नाराजगी जतायी थी और काम करने से इनकार कर दिया था. कंपनी हाइकोर्ट चली गयी थी. इसके बाद से मामले को सुलझाने के लिए एक तरफ चयनित एजेंसी के साथ बैठक की जा रही थी, तो दूसरी ओर नये सिरे से टेंडर निकाल कर नयी एजेंसी बहाली की प्रक्रिया अपनायी जा रही थी.
इधर दोनों के बीच सुलह होने से पुल निर्माण के लिए आगे की प्रक्रिया अपनायी जाने लगी है. जुलाई 2022 में एसपी सिंघला के नाम से टेंडर फाइनल हुआ था. टेंडर खुलने की छठी तिथि तीन मार्च निर्धारित थी. इसको खोलने की बजाय रद्द कर दिया गया है.


