नवगछिया । नवगछिया बाजार के माखातकिया में शनिवार को मुहर्रम के ताजिया जुलूस के दौरान फोड़े गए पटाखे से सड़क किनारे खड़ी एक बच्ची जख्मी हो गई। इससे वहां अफरातफरी मच गयी। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने बांस-बल्ली लगाकर लगभग 6 घंटे तक सड़क जाम कर दिया।

ताजिया जुलूस मुमताज मोहल्ला से निकाला गया था, जो नवगछिया शहर में घूम रहा था। इसी दौरान लगभग साढ़े 11 पौने 12 बजे गोढ़ी पट्टी के पास पाइप से भरवा पटाखा का जोरदार धमाका हुआ और पटाखे का अवशेष वहां खड़ी एक बच्ची की दायी आंख में लग गया।

इससे वह गम्भीर रूप से घायल हो गई। उसे आनन-फानन में नवगछिया के एक निजी चिकित्सक के यहां भेजा गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे भागलपुर रेफर कर दिया गया। इसके विरोध में आक्रोशित लोगों ने नवगछिया के मुख्य सड़क को जाम कर आगजनी की। लोगों ने लाठी डंडा लेकर बाजार को भी बंद करा दिया। मौके पर जुटे लोग पीड़ित परिवार को मुआवजा और परिवार के सदस्य को नौकरी की मांग कर रहे थे।

बवाल बढ़ता देख नगर थाना पुलिस के साथ-साथ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दिलीप कुमार व अनुमंडल पदाधिकारी उत्तम कुमार मौके पर पहुंचे और जाम कर रहे भाजपा के जिला अध्यक्ष, नगर उपाध्यक्ष प्रतिनिधि और अन्य लोगों को समझा-बुझाकर 5 बजे शाम को जाम हटाया। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दिलीप कुमार ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। गैर कानूनी तरीके से पटाखा छोड़ा गया है। व्यक्ति को चिह्नित कर उस पर प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जायेगी।

कोट

बच्ची के परिवार के साथ-साथ स्थानीय लोगों को समझाया गया है। बच्ची का इलाज निजी चिकित्सालय के बाद भागलपुर रेफर कर दिया गया है। पुलिस निगरानी में इलाज चल रहा है। जिसने भी पटाखा फोड़़ा है, उसपर कार्रवाई की जायेगी।
उत्तम कुमार, एसडीओ, नवगछिया

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *