नवगछिया । नदी थाना क्षेत्र के कोसी पार स्थित हरजोड़ा घाट दियारा में नारायणपुर के नगरपारा के महादलित किसानों की जमीन पर से अवैध कब्जा हटाने के लिए गुरुवार को नदी थानाध्यक्ष मुकुंद मुरारी और बिहपुर थानाध्यक्ष राजेश रंजन के नेतृत्व में बड़ी संख्या में जवान और पीड़ित किसान पहुंचे। इसके लिए कोसी नदी पार कर करीब 30 किमी का सफर तय किया।
Total Downloads: 175
जहां दोनों थानाध्यक्षों ने दोनों पक्षों से बातचीत कर जमीन से संबंधित कागजात की मांग की। जिसपर अवैध कब्जा जमाने वाले पक्ष किसी प्रकार का कागजात उपलब्ध नहीं करा सके। इसके बाद पुलिस ने उसे सख्त हिदायत देते हुए जमीन छोड़ने कहा। इसके बाद अवैध कब्जा जमाने वाले मधेपुरा के रतवारा थाना क्षेत्र के हरजोड़ा गंगापुर निवासी संजय पटेल, सुकेश पटेल, मंटुन पटेल ने पीड़ित किसान और पुलिस से माफी मांगते हुए जमीन को मुक्त किया।
बता दें कि नारायणपुर के नगरपारा निवासी कई महादलित किसानों की हरजोड़ा घाट दियारा स्थित करीब 12 एकड़ जमीन पर हरजोड़ा के दबंगों ने जबरन कब्जा जमा रखा था। जिसकी शिकायत पीड़ित किसान ने पुलिस से की। इसके बाद पुलिस पूरी तैयारी के साथ हरजोड़ा बहियार पहुंची और पीड़ित किसान को न्याय दिलायी। इधर, पीड़ित किसान की ओर से पुलिस से शिकायत करने वाले चरित्र राम समेत सभी किसानों ने इस बेहतर पहल के लिए नदी और बिहपुर थानाध्यक्ष समेत पूरी पुलिस टीम को बधाई दी।

