नवगछिया । गोपालपुर थाना के सुकटिया बाजार निवासी आदर्श कुमार (16) पिता रविंद्र शर्मा ने मां की डांट फटकार से आहत होकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक इस बार मैट्रिक का परीक्षार्थी था। घटना शुक्रवार की देर रात्रि की है। सुबह जब लड़के की मां उठकर दूसरे कमरे में झाड़ू देने गयी तो बेटे को फंखे से लटकते देखा। घटना की सूचना गोपालपुर पुलिस को दी गयी।
युवक के पिता ने बताया कि उसका बेटा गलत संगत में चला गया था। वह पढ़ाई-लिखाई छोड़कर क्रिकेट खेलता था तथा गलत संगत में रहता था। वह पढ़ना नहीं चाहता था। रात में मेरे बगल में सोया था। उसी समय मां ने पढ़ाई के लिए उसे जमकर फटकार लगायी तो उसने कमरे में जाकर बहन की ओढ़नी से फांसी लगा ली।
गोपालपुर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिये अनुमंडल अस्पताल भिजवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। जवान लड़के की मौत से घर मे कोहराम मचा हुआ है। मां अपने आप को कोस रही है कि क्यों उसने अपने बेटे को डांटा।


