नवगछिया । रंगरा ओपी क्षेत्र के चापर दियारा कलबलिया पुल के पास मंगलवार की देर रात बदमाशों ने सधुआ निवासी मुकेश कुमार यादव (32) की गोली मारकर हत्या कर दी। बदमाशों ने युवक की कनपटी में बाएं तरफ व सीने में पीठ के पास गोली मारी। गोली लगने से उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गयी।
घटना की सूचना मिलने के बाद रंगरा थानाध्यक्ष बिट्टू कमल, दरोगा ललन झा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल लाया। अनुमंडल अस्पताल में चिकित्सक ने गोली फंसी होने के कारण शव को पोस्टमार्टम के लिए मायागंज अस्पताल भागलपुर रेफर कर दिया। बताया जाता है कि मृतक मुकेश की शादी चॉपर निवासी दहियार प्रमोद यादव की पुत्री से हुई थी। मृतक की पत्नी एक हाथ से विकलांग है। इस कारण उसके पिता ने दो बीघा जमीन दहेज में देकर अपनी बेटी की शादी मुकेश से की थी।
थानाध्यक्ष बिट्टू कमल ने बताया कि मृतक के मोबाइल के कॉल डिटेल से पता चलता है मृतक ने अंतिम बार अपने बड़े साले से बात की थी। उसके बाद वह चॉपर दियारा गया था। देर रात लौटते समय बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के संबंध में मृतक के परिजन कुछ भी बोलने को तैयार नहीं हैं। वहीं बताया जाता है कि मृतक रात्रि में जहां गया था व जिस दो आदमी से मिला था, वे दोनों शराब और मछली का धंधा करते हैं। थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक के दाह संस्कार के बाद उसके साले के आने के बाद उसके आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।

युवक की मौत से मचा कोहराम
मृतक की हत्या के बाद उसके परिवार में कोहराम मचा है। मृतक की पत्नी और बच्चे के रो-रो कर बुरा है। मृतक सीधा-साधा व मृदु स्वभाव का इंसान बताया जा रहा है।

