नवगछिया । इस्माईलपुर हाट पर सरेआम मनोज यादव की हत्या का नामजद अभियुक्त कुख्यात टुन्ना यादव को नवगछिया पुलिस ने गिरफ्तार किया है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ओमप्रकाश ने मंगलवार को नवगछिया थाना में प्रेस कांफ्रेंस आयोजित करॉ बताया कि 24 जनवरी की शाम इस्माईलपुर थाना क्षेत्र के हटिया बाजार इस्माईलपुर में स्थानीय निवासी मनोज मंडल पिता जगरनाथ मंडल की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस संबंध में मृतक के परिजन के आवेदन के आधार पर सात नामजद अभियुक्तों के विरुद्ध इस्माईलपुर थाना में हत्या, आर्म्स एक्ट समेत अन्य मामले दर्ज किए गए थे।
Total Downloads: 173
वहीं घटना के बाद कांड की गंभीरता को देखते हुए शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक नवगछिया के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नवगछिया के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। गठित टीम द्वारा 19 फरवरी को गुप्त सूचना के आधार पर खगड़िया जिले के चौथम थाना क्षेत्र के पटेल नगर में छापेमारी कर कांड के नामजद अभियुक्त इस्माईलपुर के फुलकिया निवासी कुख्यात अपराधी टुन्ना यादव उर्फ टुनटुन उर्फ कुमार देश रत्न पिता उपेंद्र यादव को इस्माईलपुर थानाध्यक्ष अमोद कुमार व सशस्त्र बलों ने गिरफ्तार किया।
एसडीपीओ ने बताया कि इस कांड में फरार अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है, जल्द ही उन्हे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। एसडीपीओ ओमप्रकाश ने बताया कि गिरफ्तार टुन्ना यादव उर्फ टुनटुन का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। गिरफ्तार टुन्ना ने स्वीकार किया कि पुरानी रंजिश में मनोज मंडल की हत्या की गई।

टुन्ना यादव पर इस्माईलपुर थाना में हत्या, हत्या का प्रयास, आर्म्स एक्ट समेत कुल आठ आपराधिक मामले पूर्व से दर्ज है। इस छापेमारी में इस्माईलपुर थानाध्यक्ष अमोद कुमार के साथ सशस्त्र बल एवं डीआईयू टीम शामिल थे। एसडीपीओ ने बताया कि इस सफलता के लिए छापेमारी दल में शामिल सभी पुलिस पदाधिकारी व कर्मियों को पुरस्कृत किया जाएगा।
