नवगछिया । गोपालपुर थाना क्षेत्र के पचगछिया बाजार में मंगलवार की रात को अज्ञात चोरों ने रुचि ज्वेलर्स नामक दुकान पर चोरी कर दुकान व लॉकर में रखे सोने- चांदी के सभी आभूषण चोरी कर लिये। बुधवार की सुबह दुकान खोलने पर दुकानदार माखन साह को घटना की जानकारी मिली। उन्होंने चोरी की जानकारी गोपालपुर पुलिस को दी। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गयी। सबसे बड़ी बात यह है कि दुकान से महज 25 मीटर दूरी पर पुलिस कैंप है,जहां बीएमपी के जवान तैनात हैं।
Total Downloads: 173
चोरी की घटना से आक्रोशित ग्रामीणों का कहना है कि बीएमपी के जवानों की मौजूदगी में मार्केटिंग कांप्लेक्स के निकट बाइक सवार बदमाशों ने फायरिंग की, लेकिन बीएमपी के जवानों ने बदमाशों का पीछा करना भी उचित नहीं समझा। सड़क के आमने-सामने आभूषण दुकान व पुलिस कैंप है लेकिन चोरी की घटना हो गयी।
जानकारी के अनुसार चोर पीछे के रास्ते घुसे चोरों ने शटर का ताला तोड़कर चोरी की घटना का अंजाम दिया। दुकानदार की पत्नी ने रोते हुए बताया कि दो महीने पूर्व ही उधार लेकर दुकान शुरु किया था। मेरा सबकुछ चला गया , अब कैसे गृहस्थी चलेगी। मौके पर मौजूद थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच पड़ताल कर जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

गोलीबारी के बाद चोरी की घटना से दुकानदार है सहमे :
पछगछिया बाजार में रंगदारी को लेकर अपराधियों के गोलीबारी की घटना के बाद पुलिस कैंप से सटे दुकान में चोरी की घटना से दुकानदार सहमे हुए हैं। घटना की सूचना पर नवगछिया एसपी पूरण कुमार झा पचगछिया बाजार स्थित आभूषण दुकान में पहुंचे और दुकानदार से मामले की जानकारी ली। उन्होंने बीएमपी के जवानों को कड़ी फटकार लगाते हुए लापरवाह बीएमपी जवानों पर कडी कार्रवाई किये जाने की बात ग्रामीणों से कही। भागलपुर से खोजी कुत्ता मंगाकर जांच की जा रही है।
