नवगछिया : एक युवक की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना नवगछिया पुलिस जिला के गोपालपुर थाना क्षेत्र के गोसाईगांव की है। युवक के सिर और सीने में 8 गोलियां लगी हैं। मृतक युवक का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। आशंका जताई जा रही है कि इसी विवाद में उसकी हत्या की गई है।
मृतक की पहचान गोसाईगांव निवासी श्रवण यादव के रूप में की गई है। श्रवण मजदूरी करता था। श्रवण यादव गांव के पास हीं एक निर्माणशील घर में काम कर रहा था। इसी क्रम में एक हथियारबंद बदमाश मौके पर पहुंचा और श्रवण के सिर और सीने में पिस्टल से 8 गोलियां मार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद वो मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते हीं गोपालपुर थाना और नवगछिया एसडीपीओ ओम प्रकाश टीम के साथ मौके पर पहुंचे और छानबीन शुरू कर दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए नवगछिया अनुमंडल अस्पताल भेज दिया गया है। इधर, दिनदहाड़े हुई इस घटना से ग्रामीणों में गुस्सा का माहौल है और पुलिस से आरोपियों को जल्द से जल्द पकड़ने की गुहार लगा रहे हैं।

पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी
नवगछिया के सीडीपीओ ओम प्रकाश ने कहा कि श्रवण यादव मजदूरी कर रहा था। जानकारी हुई कि कोई उससे मिलने आया और बातचीत कर रहा था। तभी अचानक उसे गोली मार दी और भाग गया। कितनी गोली लगी है, ये पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आएगा। परिजन से बात कर विवाद के बारे के पता किया जा रहा है।

