नवगछिया, निज संवाददाता। कटिहार-बरौनी रेलखंड के नवगछिया रेलवे स्टेशन के पूर्वी केबिन के समीप मंगलवार को कटिहार से बरौनी जा रही सवारी गाड़ी के नीचे आ जाने से एक अज्ञात महिला की मौत हो गयी। घटना के समय फाटक बंद था। घटना की सूचना के बाद नवगछिया जीआरपी और नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया। मृतका की पहचान गोपालपुर थाना क्षेत्र के सिंघिया मकनपुर निवासी पियूष चौधरी की पत्नी जूली देवी के रूप में हुई। परिजनों ने मौके पर पहुंच कर शव की पहचान की।

फाटक पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि महिला जिस परिस्थिति में ट्रेन के सामने आई है। वह काफी गुस्से में थी। वह कुछ देर तक रेलवे केबिन पर खड़ी रही। ट्रेन आते देख वह सामने जाकर खड़ी हो गई और ट्रेन से कट गयी। घटना के बाद स्थानीय लोगों व मृतका के भाई रंजन कुमार चौधरी ने बताया कि मेरी बहन की शादी वर्ष 2001 में हुई थी।

शादी के कुछ दिन बाद पति आए दिन किसी न किसी बात पर विवाद व प्रताड़ित करता था। मंगलवार को भी जमीन खरीदने बेचने को लेकर विवाद में बहन के साथ मारपीट की गयी और उसे मरने का ताना दिया गया। जिससे उसने ट्रेन से कटकर जान दे दी। नवगछिया जीआरपी थाना अध्यक्ष दूधेश्वर प्रसाद सिंह ने बताया कि महिला की मौत संदिग्ध अवस्था में हुई है। परिजनों ने जिस आधार पर लिखित सूचना दी है। उसी आधार पर जांच कर रहे हैं। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को शव सौंप दिया गया है।

समझौते के बाद अंतिम संस्कार

जूली देवी का शव मिलने के बाद मृतका के भाई सहित पूर्णिया जिले के दाबेली गांव से परिजन पहुंचे। दोनों पक्षों में काफी कहासुनी हुई। मामले की सूचना गोपालपुर पुलिस को भी दी गयी लेकिन आपसी समझौते के बाद शव की अंतिम संस्कार किया गया। मृतका के परिजनों ने बताया कि हम लोगों ने उसकी इकलौती पुत्री को पूरा सहयोग देकर भरण-पोषण करने के लिए कहा है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *