नवगछिया: भागलपुर लोकसभा के लिए हुए मतदान के दौरान तेज धूप और गर्मी ने मतदाताओं को परेशान किया। बिहपुर और गोपालपुर विधानसभा इलाके में बने बूथ पर सुबह 11 बजे के बाद से ही सन्नाटा पसर गया। शाम चार बजे के बाद फिर से मतदाता घरों से निकले। यानी भीषण गर्मी ने मतदाताओं को पांच घंटे का ब्रेक लेने को मजबूर कर दिया। चार बजे के बाद फिर से मतदान केंद्रों पर मतदाता लाइन में लगते दिखे।
राघोपुर, तेलघी, बभनगामा, मड़वा और लत्तीपाकर में एक जैसा नजारा

शुक्रवार की सुबह सात बजे मतदान शुरू होने के बाद मतदाता लाइन में लगे दिखे। समय बढ़ते और झुलसाती हुई गर्मी ने धीरे धीरे लोगों को घरों में ही रहने को मजबूर कर दिया। राघोपुर स्थित पंचायत भवन में बने बूथ पर दोपहर 12 बजे तक 314 लोगों ने वोट डाले थे। बातचीत में मतदान कर्मी ने बताया कि सुबह साढ़े दस बजे तक की ही यह वोटिंग है। उसके बाद अगले डेढ़ घंटे में सिर्फ सात लोग ही वोट डालने पहुंचे। बिहपुर विधायक इंजीनियर शैलेंद्र के गांव तेलघी स्थित स्कूल में बने बूथ संख्या 163 पर दोपहर सवा बारह बजे तक 20 प्रतिशत यानी कुल 250 लोगों ने वोट डाले थे। ये सारे वोट सुबह लगभग 11 बजे तक डाले गए थे। धूप तेज होते ही बूथ पर सन्नाटा पसर गया।

बभनगामा स्थित मध्यम और उच्च विद्यालय में बने बूथों पर भी दोपहर में सन्नाटा दिखा। वहां भी सुबह 11 बजे तक ही वोट पड़े। उसके बाद शाम चार बजे तक मतदाताओं की संख्या इक्का-दुक्का ही रही। मड़वा गांव में स्थित मध्य विद्यालय के बूथ पर भी दोपहर में पूरी तरह से सन्नाटा पसरा हुआ था। दोपहर 1.10 बजे तक बूथ संख्या 106 पर 227 वोट पड़े थे जो कुल वोट का लगभग 20 प्रतिशत था। उनमें भी ज्यादातर वोट सुबह 11 बजे तक डाले जा चुके थे। उन सभी बूथ पर तैनात मतदानकर्मी भी मतदाताओं का इंतजार करते दिखे।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *