नवगछिया । नवगछिया एनएच 31 के लक्ष्मीपुर रोड बहियार से मंगलवार दोपहर पुलिस ने एक युवक का शव बरामद किया। युवक का शव क्षत-विक्षत अवस्था में था। उसके शरीर के हिस्से में कई जगह जलने का निशान था। संभावना जताई गयी की उसे करंट लगाकर मारा गया है। कनपटी में गोली लगने का भी निशान था। ऐसा लग रहा था कि उसे काफी यातना देकर मारा गया था।
शव खून से लथपथ था। मृतक की पहचान पकरा निवासी 27 वर्षीय सूरज कुमार, पिता गणेश सिंह के रूप में की गयी है। बताया जा रहा है कि वह दुकानों में काम करके अपना भरण-पोषण करता था। उसका पूरा परिवार पंजाब में रहता है। मंगलवार दोपहर भाजपा कार्यालय के पश्चिम इजरा बहियार से युवक का शव बरामद हुआ है। बदमाशों ने बेरहमी से उसकी हत्या की थी।
घटना की सूचना मिलते ही नवगछिया पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्प्ताल भेजा। मृतक के घर के आसपास के ग्रामीणों ने बताया कि युवक नशे का आदी था। उसका चाल चलन भी ठीक नहीं था। चार भाई बहनों में वह अकेला ही पकड़ा में रहता था। वह कब घर से गया और कहां उसकी हत्या हुई कोई कुछ बोलने को तैयार नहीं था। उसके माता-पिता, भाई-बहन सभी प्रदेश में काम कर जीवन यापन करते हैं। नवगछिया नगर थाना अध्यक्ष ने बताया कि शव में गोली अलग-अलग जगह पर रहने के कारण इसका पोस्टमार्टम भागलपुर में कराया जाएगा। नवगछिया अनुमंडल अस्पताल से शव को मायगंज अस्पताल भगलपुर रेफर कर दिया गया है।

कोट
हमने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। मृतक के शरीर में कई जगहों पर जलने का निशान है। शव खून से लथपथ था। गोली भी लगने की आशंका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पता चल पाएगा कि हत्या गोली लगने से हुई या करंट से हुई है।
पूरण कुमार झा, एसपी, नवगछिया

