नवगछिया : इस्माइलपुर थाना क्षेत्र के बसगढ़ा दियारा में परवल तोड़ने गए किसान परवत्ता थाना क्षेत्र के साहू परवत्ता वार्ड 11 निजटोला निवासी प्रमोद मंडल की मौत मंगलवार को वज्रपात की चपेट में आने से हो गई है. परिजनों ने बताया कि मृतक प्रमोद मंडल मंगलवार की सुबह इस्माइलपुर बसगढ़ा दियारा अपने खेत पर अपनी पत्नी बबीता देवी, व बच्चे दीपक कुमार, चंदन कुमार एवं रवि कुमार के साथ परवल तोड़ने के लिए गए हुए थे.
मंगलवार की सुबह आठ बजे बारिश शुरू होने के बाद प्रमोद की पत्नी व बच्चे बासा पर चले गए जबकि प्रमोद खेत में परवल तोड़ रहा था. बारिश के दौरान एकाएक वज्रपात होने के कारण वह वज्रपात की चपेट में आ गया. वज्रपात की चपेट में आने से उसका पूरा शरीर जल गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई. वज्रपात से प्रमोद की मौत होने के बाद घर वाले दियारा पहुंचे और उसके शव को वहां से लेकर घर आए.

घर आने के बाद परिजनों द्वारा इसकी सूचना इस्माइलपुर पुलिस को दी गई. वज्रपात से मौत होने की सूचना पर इस्माइलपुर पुलिस परवत्ता पहुंची जहां उन्होंने प्रमोद के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नवगछिया अनुमंडल अस्पताल भेज दिया. जहां पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौप दिया गया. वही प्रमोद की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था.
पत्नी बबीता देवी अपने पति को झकझोर कर विलाप कर रही थी. प्रमोद को तीन संतान दीपक, चंदन एवं रवि है. वह अपने चार भाइयों में सबसे बड़ा भाई था और पूरे परिवार की जिम्मेदारी प्रमोद के ऊपर ही थी. प्रमोद की मौत से पूरा परिवार बिखर गया.


